बुधवार सुबह अत्तापुर पुलिस ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी को पुलिस स्टेशन लेकर पहुंची. यहां पुलिस ने मामले से जुड़ी सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं. इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया. सूत्रों का कहना है कि मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है. पुलिस की ओर से यह भी नहीं बताया गया है कि आगे की जांच किस दिशा में बढ़ेगी. फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है.
ट्रेनी आईपीएस अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी पर शिवारामपल्ली स्थित अकादमी में प्रशिक्षण ले रही एक महिला ट्रेनी अधिकारी ने यौन उत्पीड़न, प्रताड़ना और ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए हैं. महिला अधिकारी ने 18 जुलाई को अत्तापुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया.
महिला ट्रेनी अधिकारी ने लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप
एफआईआर दर्ज होने के बाद उदय कृष्णा रेड्डी को एसआर नगर स्थित जयंती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार के लोगों को एक सुसाइड नोट मिलने के बाद आशंका जताई गई थी कि उन्होंने आत्महत्या की कोशिश की है. हालांकि बाद में हुई मेडिकल जांच में सामने आया कि अत्यधिक शराब पीने के कारण वह बेहोश हो गए थे.
पुलिस ने पिछले सप्ताह उन्हें नोटिस देने के लिए हैदराबाद में मौजूद उनके दो आधिकारिक पतों पर भी पहुंचने की कोशिश की थी. लेकिन वहां वह नहीं मिले. इसके बाद पुलिस को आशंका हुई कि वह फरार हैं. पुलिस ने फोन के जरिए भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका संपर्क नहीं हो सका और उनकी लोकेशन भी ट्रेस नहीं की जा सकी.
इस बीच मंगलवार को उदय कृष्णा रेड्डी एक स्थानीय न्यूज चैनल पर वीडियो इंटरव्यू में दिखाई दिए. उन्होंने दावा किया कि वह आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के अपने पैतृक गांव उल्लापालेम में हैं. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की खबर सुनकर उनकी दादी की तबीयत खराब हो गई थी और इसी कारण वह गांव आए थे. उदय कृष्णा रेड्डी ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस उन्हें नोटिस देने के लिए उनके पतों पर पहुंची थी. हालांकि उनका कहना था कि जिन पतों पर पुलिस गई थी, वो उनके अस्थायी पते थे. उन्होंने इस बात से इनकार किया कि वह फरार थे.
शराब पीने से बेहोश होने की बात सामने आई
अब अत्तापुर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है. मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें नामपल्ली कोर्ट में पेश किया जाएगा. मामले में पुलिस की जांच जारी है और अभी तक पुलिस ने आगे की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.