हैदराबाद की ग्लोबल पहचान को मजबूत करने और इंटरनेशनल स्तर पर इसके बढ़ते प्रोफाइल को चमकाने के लिए तेलंगाना सरकार ने एक अनोखा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित संयुक्त राज्य अमेरिका के कांसुलेट के पास की एक प्रमुख सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखने की योजना बनाई है.
अमेरिकी कांसुलेट के ठीक बगल में स्थित इस सड़क का औपचारिक उद्घाटन इसी महीने के अंत में होने की उम्मीद है. राज्य सरकार की योजना केवल एक सड़क तक सीमित नहीं है. सरकार एक व्यापक पहल के तहत शहर की मुख्य सड़कों, जंक्शनों और पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का नाम दुनिया भर में मशहूर हस्तियों और संस्थानों के नाम पर रखने जा रही है.
वैश्विक हस्तियों और कंपनियों के नाम पर होंगी सड़कें
इस योजना के तहत विशेष रूप से उन नामों को चुना जाएगा जो टेक्नोलॉजी, बिजनेस और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़े हैं. सरकार इस प्रस्ताव की जानकारी विदेश मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों को भेजने की तैयारी में है. यह पूरी योजना हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में लागू की जाएगी. ये इलाका शहर का एक तेजी से उभरता हुआ हब बन रहा है. यहां बड़ी-बड़ी मल्टीनेशनल कॉर्पोरेशन्स, टेक्नोलॉजी कंपनियों और राजनयिक प्रतिष्ठानों के कॉर्पोरेट ऑफिस स्थित हैं.
हाल ही के वर्षों में शुरू हुए अमेरिकी कांसुलेट ने भारत और अमेरिका के संबंधों में हैदराबाद के रणनीतिक महत्व को काफी बढ़ा दिया है. अब इस सड़क के नए नाम से इसकी पहचान को वैश्विक स्तर पर एक नया आयाम मिलेगा.
गूगल स्ट्रीट और रतन टाटा के नाम पर भी होंगे जंक्शन
डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू के अलावा, तेलंगाना सरकार ने कथित तौर पर अन्य सड़कों और जंक्शनों का नाम प्रमुख वैश्विक निगमों और उन प्रमुख हस्तियों के नाम पर रखने की योजना बनाई है जिन्होंने आर्थिक और तकनीकी विकास में योगदान दिया है.
सरकार की इस योजना में गूगल स्ट्रीट और माइक्रोसॉफ्ट रोड बनाने का प्रस्ताव शामिल है. इसके अलावा एक प्रमुख चौराहे का नाम विप्रो जंक्शन रखा जाएगा. साथ ही, देश के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा के नाम पर भी किसी बड़े पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का नाम रखने की तैयारी है.