हैदराबाद में सोमवार सुबह ज्वेलरी शॉप में हुई करोड़ों रुपये की चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया. मेडिपल्ली इलाके में कैरेटलेन ज्वेलरी शॉप के पास करीब 8:30 बजे सात अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर दुकान में घुसकर सोने के आभूषण चोरी किए और मौके से फरार हो गए. पुलिस के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7 करोड़ रुपये है. पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:30 बजे की है. चोरी की सूचना मिलते ही मेडिपल्ली पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने वहां पहुंचकर देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अज्ञात लोग अंदर घुसकर आभूषण चोरी कर फरार हो चुके थे. मेडिपल्ली इंस्पेक्टर जालंधर रेड्डी ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की क्लू टीमों को मौके पर बुलाया गया. वह खुद भी एसीपी और डीसीपी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. क्राइम सीन से उपलब्ध अलग-अलग सुराग जुटाए गए.
पुलिस के अनुसार दुकान के मालिक शु सुब्रमण्यम, जो फ्रेंचाइजी के इंचार्ज हैं, ने चोरी को लेकर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बड़ी मात्रा में ज्वेलरी चोरी होने की बात कही गई. इंस्पेक्टर जालंधर रेड्डी के मुताबिक शोरूम में मौजूद ज्यादातर आभूषण सुरक्षित हैं. चोरी करीब 25 प्रतिशत ज्वेलरी की हुई है. पुलिस के अनुसार एक किलो से ज्यादा सोने के आभूषण चोरी हुए हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक चोरी हुए सोने का वजन करीब 1.04 किलो है और इसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई गई है.
सात आरोपी, दो की पहचान
घटना के बाद मेडिपल्ली पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए कई टीमें गठित की हैं. पुलिस का कहना है कि सात आरोपियों में से दो की पहचान कर ली गई है. अब बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. इंस्पेक्टर जालंधर रेड्डी ने कहा कि पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में पांच टीमें तैनात की हैं. ये टीमें आरोपियों का पता लगाने और केस को सुलझाने के लिए काम कर रही हैं.
CCTV और मौके से मिले सुरागों की जांच
पुलिस इस मामले में उपलब्ध CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की भी जांच कर रही है. क्राइम सीन से क्लू टीम ने जो सुराग जुटाए हैं, उनकी मदद से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. इंस्पेक्टर ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी. उन्होंने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी और अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया है. फिलहाल पुलिस सातों आरोपियों की तलाश में जुटी है. दो आरोपियों की पहचान होने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का पता लगा लिया जाएगा.