scorecardresearch
 

गुवाहाटी होटल गोलीकांड: आरोपी को सुरक्षा देने पर भड़की मृतक की बेटी, बोली- एनकाउंटर में मारो या सख्त सजा दो

गुवाहाटी के होटल बिलास इन गोलीकांड में मारे गए भूदेव भाराली की बेटी अंकिता भाराली ने आरोपी घनकांत गोगोई को सुरक्षा दिए जाने पर बेहद नाराजगी जाहिर की है. अंकिता ने उसके एनकाउंटर या उसे सख्त सजा दिए जाने की मांग की है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में अंकिता ने कई सवाल उठाए हैं (फोटो-ITG)
इस मामले में अंकिता ने कई सवाल उठाए हैं (फोटो-ITG)

गुवाहाटी में होटल के अंदर हुई गोलीबारी में अपने पिता भूदेव भाराली को खोने वाली उनकी बेटी अंकिता भाराली का गुस्सा फूट पड़ा है. आरोपी को पुलिस हिरासत में सुरक्षा और कानूनी संरक्षण दिए जाने से अंकिता नाराज हैं. उन्होंने आरोपी घनकांत गोगोई के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. अंकिता का कहना है कि जिस शख्स ने उनके परिवार के लोगों की बेरहमी से हत्या की, उसे भी उसी तरह सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि आरोपी को एनकाउंटर में मार दिया जाना चाहिए.

अंकिता भाराली ने मीडिया से बातचीत में अपने परिवार के साथ हुई इस घटना पर गहरा दुख और नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उनके पिता, बुआ, दादा और भाभी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया. ऐसे में आरोपी को सुरक्षा दिए जाने की बात उन्हें मंजूर नहीं है.

अंकिता के मुताबिक, उनके परिवार को इंसाफ तभी मिलेगा, जब आरोपी को उसके किए की कड़ी सजा मिलेगी. उन्होंने आरोपी के लिए एनकाउंटर की मांग करते हुए कहा कि जिस तरह उसने उनके परिवार को खत्म किया, उसके साथ भी वैसा ही होना चाहिए.

क्या है गुवाहाटी होटल शूटिंग का मामला?

दरअसल, 26 अक्टूबर 2026 की रात असम के गुवाहाटी स्थित होटल बिलास इन (Hotel Bilas Inn) में सनसनीखेज गोलीबारी हुई थी. शहर के उलुबाड़ी इलाके के बोरा सर्विस क्षेत्र में स्थित इस होटल में रात करीब 9 बजे गोलियां चली थीं. इस वारदात में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ था.

Advertisement

मरने वालों में होटल की मालकिन हेलेना भाराली, उनके भाई भूदेव भाराली, हेलेना के बेटे देबर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप और परिवार के कर्मचारी नारायण दास शामिल थे.

पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड की वजह होटल के लीज और उसके प्रबंधन को लेकर विवाद सामने आया था. होटल को घनकांत गोगोई ने पांच साल के लिए लीज पर लिया था. यह समझौता 10 सितंबर 2025 को हुआ था और इसके लिए करीब 1.8 लाख रुपये मासिक किराया तय किया गया था.

पुलिस के मुताबिक, होटल में रिनोवेशन के बाद उसके इस्तेमाल और सुविधाओं को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था. 26 अक्टूबर को इसी विवाद को सुलझाने के लिए होटल में बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही बहस और हाथापाई की नौबत आ गई.

आरोप है कि इसी दौरान घनकांत गोगोई ने .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल से वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चला दीं. इस गोलीबारी में छह लोगों को गोली लगी, जिनमें से पांच की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से कथित तौर पर इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई.

पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. टीम घटनास्थल से मिले फॉरेंसिक सबूतों, कारतूसों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

Advertisement

आरोपी की सुरक्षा को लेकर कोर्ट के निर्देश

इस मामले में आरोपी घनकांत गोगोई को 27 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. आरोपी की ओर से हिरासत में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताए जाने के बाद अदालत ने पुलिस को कई निर्देश दिए थे.

कोर्ट ने कहा था कि आरोपी को हिरासत में प्रताड़ित नहीं किया जाए और हर 24 घंटे में उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाए. इसके अलावा पुलिस को उसे साफ-सुथरा भोजन और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया था.

अदालत ने सबूतों की बरामदगी के लिए आरोपी को कहीं ले जाने की स्थिति में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा था. खासतौर पर सूर्योदय से पहले या सूर्यास्त के बाद ऐसी कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा और डीएसपी रैंक के अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे.

हालांकि, ये निर्देश आरोपी को कानूनी हिरासत में सुरक्षित रखने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने से जुड़े थे. लेकिन परिवार के सदस्यों की हत्या से आहत अंकिता भाराली इन व्यवस्थाओं को लेकर नाराज हैं और आरोपी के लिए कड़ी सजा की मांग कर रही हैं.

इस हत्याकांड ने गुवाहाटी में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच लोगों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी.

Advertisement

अब पीड़ित परिवार की मांग है कि मामले की जांच तेजी से पूरी हो और आरोपी को अदालत से ऐसी सजा मिले, जिससे परिवार को इंसाफ मिल सके. अंकिता भाराली की एनकाउंटर की मांग ने इस मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement