सिखों के प्रथम गुरु नानक देव की 550वीं जयंती 2019 में मनाई जाएगी. लेकिन उससे पहले ही करतारपुर साहिब का मुद्दा भारत-पाकिस्तान की राजनीति में गर्माया हुआ है. पहले पाकिस्तान ने करतारपुर कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया और फिर भारत सरकार ने भी करतारपुर कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया. उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू आज करतारपुर कॉरिडोर की नींव रखेंगे. वहीं आज मुंबई हमले की 10वीं बरसी हैं. इस मौके पर अमेरिका ने पाकिस्तान को फिर से फटकार लगाई है. पढ़िए सोमवार सुबह की 5 बड़ी खबरें.
1-
गुरुदासपुर में होने वाले इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. 28 नवंबर को पाकिस्तान भी अपने इलाके में करतारपुर साहिब के लिए कॉरिडोर की नींव रखेगा. इस कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है, वहीं 5 किलोमीटर तक इलाके को सील किया गया है.
2-
मुंबई हमले की 10वीं बरसी के मौके पर अमेरिका ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हमले के गुनहगारों के बारे में सूचना देने पर 35 करोड़ रुपए का इनाम घोषित किया है. अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने सोमवार को कहा कि सभी अमेरिकी नागरिकों की ओर से भारत में हुए इस हमले पर हम संवेदना जताते हैं.
3-
मध्य प्रदेश के विदिशा में रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि उनके पिता जिनका 30 साल पहले ही निधन हो चुका है, ऐसा क्या कारण है कि कांग्रेस के लोग मेरे माता-पिता को इसमें घसीट रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि वे किसी के परिवार के बारे में बयान नहीं देते थे, लेकिन वह पूर्व प्रधानमंत्री के खिलाफ बोल रहे हैं.
4-
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने राम मंदिर को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है राम हमारे पेटेंट नहीं है. इस मामले पर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और अकाली दल सहित सभी पार्टियों को साथ आना चाहिए. मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में संवाददाताओं से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले पर ओबीसी समाज और आजम खान को भी आगे आना चाहिए.
5-
दिल्ली के इंद्रलोक इलाके में पार्किंग को लेकर दो दिन पहले हुए झगड़े ने एक बार फिर इलाके में दहशत फैला दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी विवाद में रविवार को देर रात स्कूटी पर आए दो लोगों ने हवाई फायरिंग की. पार्किंग विवाद में तीन लोगों पर आरोप है. पुलिस ने इन तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है.