आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के इस आरोप पर पलटवार किया है कि एनडीए से जेडीयू के अलग होने के बाद बिहार में 'जंगलराज 2' आ गया है.
लालू प्रसाद ने बीजेपी को अफवाह फैलाने वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि जनता उसके उत्साह की हवा इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में निकाल देगी. लालू ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी को ठगों की पार्टी बताते हुए आरोप लगाया कि उसे अफवाह फैलाने में महारत हासिल है.
पुराने जनता परिवार में विलय के सियासी हालात को लेकर अपनी पार्टी की बुलाई गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए लालू पटना आए हुए हैं.
लालू ने बीजेपी के बारे में कहा, 'विनाशकाले विपरीत बुद्धि.' लालू ने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार के बिहार के हित के विरोध में काम करने के कारण यहां निवेश की भारी संभावना होने के बावजूद कोई भी निवेशक इस प्रदेश में नहीं आ रहा है.
गौरतलब है कि लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी के 1990 से 2005 तक के शासनकाल को विपक्ष ने खराब कानून-व्यवस्था का आरोप लगाकर उसे 'जंगलराज' करार दिया था. अभी आरजेडी के समर्थन से ही बिहार की नीतीश सरकार चल रही है.
इनपुट: भाषा