अमर सिंह की अंतरिम जमानत पर आज दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में दोपहर 2 बजे फैसला आना है. लेकिन इस फैसले से ऐन पहले अमर सिंह बीमार पड़ गए हैं. नोट के बदले वोट कांड में गिरफ्तार अमर सिंह को सोमवार को किडनी में तकलीफ की शिकायत पर एम्स में भर्ती कराया गया.
सेहत को ही आधार बनाकर अमर सिंह ने जमानत की गुजारिश की थी. सोमवार को तीस हजारी कोर्ट ने तो अमर सिंह को जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आने की इजाजत नहीं दी, लेकिन शाम होते-होते अमर तिहाड़ जेल से बाहर निकल ही गए. अमर सिंह बीमारी की वजह से एम्स में हैं. कुछ महीने उनकी किडनी का ऑपरेशन हुआ था.
अमर ने सोमवार शाम किडनी में तकलीफ और कमजोरी की शिकायत की थी. शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक उनके खून में कीटोन का लेवल बढ़ गया है. रिपोर्ट में अमर सिंह की हालत स्थिर बताई गई है. गौरतलब है कि नोट के बदले वोट मामले में छह सितंबर को गिरफ्तार अमर सिंह अपनी खराब सेहत को ही आधार बनाकर जमानत की मांग कर रहे हैं.
तीस हजारी कोर्ट में अपने केस की पैरवी के लिए उन्होंने सोमवार को मशहूर वकील राम जेठमलानी को उतारा था. जेठमलानी ने कोर्ट में अमर का बचाव तो किया ही पूरे मामले में बीजेपी को कठघरे में खड़ा कर दिया. जेठमलानी का दावा है कि सांसदों को घूस अमर सिंह ने नहीं दिए. सांसदों के पास पैसा बीजेपी के स्रोतों से आया था. अमर सिंह की सेहत का हाल लेने एम्स पहुंचे जौनपुर के सांसद धनंजय सिंह ने भी उनका पुरजोर बचाव किया.
छह सितंबर को अमर सिंह बीमारी के बहाने ही कोर्ट नहीं पहुंचे थे. बाद में जब अदालत ने मेडिकल रिपोर्ट मांगी तो दौड़े भागे कोर्ट में हाजिर हो गए. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जमानत पर सुनवाई से ऐन पहले बीमारी, कहीं कोर्ट में अपना पक्ष मजबूत करने की कोशिश तो नहीं.