scorecardresearch
 

जमीन के लिए रिश्तों को खून...शख्स ने भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट

पंजाब के गुरदासपुर में जमीन के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. नौ किल्ले जमीन को लेकर लंबे समय से चल रही पारिवारिक रंजिश में बड़े भाई ने छोटे भाई और उसकी पत्नी को गोली मार दी. वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
शख्स ने भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट (Photo: itg)
शख्स ने भाई और भाभी को उतारा मौत के घाट (Photo: itg)

पंजाब के गुरदासपुर जिले में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद मंगलवार शाम खूनी संघर्ष में बदल गया. थाना काहनूवान के अधीन गांव नैणेकोट में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

मृतकों की पहचान अजयब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर के रूप में हुई है. आरोप है कि अजयब सिंह के बड़े भाई अमरजीत सिंह उर्फ अंबा ने रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

परिवार के रिश्तेदार हरजीत सिंह के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों परिवार पहले झारखंड के टाटा नगर में रहते थे, लेकिन बाद में अपने गांव नैणेकोट लौट आए थे. गांव में नौ किल्ले जमीन के बंटवारे को लेकर कई बार पंचायत स्तर पर समझौते की कोशिश हुई, मगर दोनों पक्ष किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके.

बताया जा रहा है कि विवाद लगातार बढ़ता गया और दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था. इसी रंजिश में मंगलवार देर शाम अमरजीत सिंह ने पहले अजयब सिंह को गांव के बाहर पोल्ट्री फार्म के पास गोली मारी. इसके बाद आरोपी गांव स्थित घर पहुंचा और वहां कमल कौर को भी गोली मार दी. गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement

दोहरी हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर जमा हो गए. सूचना मिलने पर थाना भैणी मियां खान के प्रभारी गुरनाम सिंह और डीएसपी कुलवंत सिंह मान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला जमीन के बंटवारे से जुड़ी पुरानी रंजिश का सामने आया है. पुलिस ने आरोपी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement