पंजाबियों के खिलाफ विवादित टिप्पणी को लेकर चंडीगढ़ बीजेपी के अध्यक्ष जितेंद्र मल्होत्रा ने माफी मांग ली है. इसके साथ ही, उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक फायदे के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है.
मल्होत्रा ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि अगर उनके किसी बयान से किसी को ठेस पहुंची है या किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वो इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं.
जितेंद्र मल्होत्रा का कहना है कि कांग्रेस ने कार्यक्रम का पूरा वीडियो दिखाने के बजाय जानबूझकर उसका एक छोटा सा हिस्सा काटा. कांग्रेस ने उस हिस्से को बिना किसी संदर्भ के पेश किया.
मल्होत्रा के मुताबिक, कांग्रेस ने क्षेत्रीय और धार्मिक भावनाओं को भड़काने की एक असफल कोशिश की है. अपनी पहचान पर बात करते हुए जितेंद्र मल्होत्रा ने कहा, 'मैं खुद एक पंजाबी हूं. मेरा पालन-पोषण अमृतसर में हुआ है और आज मैं चंडीगढ़ में रहता हूं. मुझे पंजाबी होने पर गर्व है और हमेशा रहेगा.'
राजा वड़िंग पर साधा निशाना
बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राजा वड़िंग पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने अतीत की घटनाओं को याद दिलाते हुए कहा, 'पंजाबियों की भावनाएं तो तब सच में आहत हुई थीं, जब कांग्रेस ने पंजाब का बंटवारा किया था. पंजाबियों का दिल तब दुखा था, जब कांग्रेस के शासनकाल में हरमंदर साहिब पर हमला हुआ था.'
यह भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में बदलाव की आहट, चुनाव से पहले बड़े फेरबदल के संकेत
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषियों को बचाने के लिए कांग्रेस ने हर मुमकिन कोशिश की थी. उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग इन बेहद गंभीर मुद्दों पर हमेशा चुप रहे हैं. उन्होंने अपनी बात को दोहराते हुए एक बार फिर गर्व से कहा, 'मैं एक पंजाबी हूं और मुझे अपनी इस पहचान पर पूरा गर्व है.'