scorecardresearch
 

पंजाब में AAP के दो विधायकों का इस्तीफा, उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आने के अगले ही दिन छोड़ी पार्टी

पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है जब समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया.

Advertisement
X
पंजाब में आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है
पंजाब में आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया.

दोनों नेताओं का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब आम आदमी पार्टी ने एक दिन पहले ही 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी. हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अभी तक समाना और सनौर विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं. ऐसे में दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.

सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने अपना इस्तीफा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजा है. वहीं, समाना से विधायक और पंजाब के पूर्व मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पार्टी छोड़ने का ऐलान किया.

समाना सीट पर सुरजीत सिंह रखड़ा को लेकर चर्चा
आम आदमी पार्टी ने सितंबर में पंजाब के पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को समाना विधानसभा क्षेत्र का हलका प्रभारी नियुक्त किया था. इसके बाद से उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में समाना सीट से पार्टी का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है. हालांकि, आम आदमी पार्टी ने अभी तक इस सीट से उम्मीदवार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

Advertisement

यह भी पढ़िएः CM भगवंत मान धूरी सीट से लड़ेंगे चुनाव, पंजाब के लिए आ गई AAP की पहली लिस्ट

अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठा चुके हैं पठानमाजरा
सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा इससे पहले अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई थी. पठानमाजरा के खिलाफ पिछले साल सितंबर में दुष्कर्म का मामला भी दर्ज किया गया था. जीरकपुर की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ था.

महिला ने आरोप लगाया था कि पठानमाजरा ने खुद को तलाकशुदा बताकर उसके साथ संबंध बनाए और पहले से शादीशुदा होने के बावजूद वर्ष 2021 में उससे विवाह किया.

मार्च में हुई थी गिरफ्तारी, मई में मिली जमानत
दुष्कर्म के मामले में पुलिस हिरासत से भागने के छह महीने से अधिक समय बाद पठानमाजरा को पंजाब पुलिस ने इस साल मार्च में मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया था. इसके बाद मई में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सितंबर 2025 में दर्ज दुष्कर्म मामले में पठानमाजरा को नियमित जमानत दे दी थी.

फिलहाल, दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी के सामने समाना और सनौर विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर स्थिति महत्वपूर्ण हो गई है. पार्टी ने इन दोनों सीटों पर अभी अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement