फगवाड़ा से सोमवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज और दुखद खबर सामने आई है, जहां डीएसपी योगेश कुमार की गोली लगने से मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी आवास में हुई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है.
डीएसपी योगेश कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे, जब यह हादसा हुआ. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह अपनी सरकारी पिस्तौल को साफ कर रहे थे. इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो सीधे उनके सीने में जा लगी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने शुरू की जांच
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले पुलिस कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देर किए घायल अधिकारी को जालंधर के जोहल अस्पताल पहुंचाया. लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह एक दुर्घटनावश हुई फायरिंग थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. कुछ सूत्रों के अनुसार आत्महत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और हथियार की जांच भी की जा रही है. साथ ही, फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
(इनपुट- दविंदर कुमार)