scorecardresearch
 

ढोलक दिलाने के बहाने दो बहनों का अपहरण, गला घोंटकर एक बच्ची की हत्या, दूसरी भागकर बची

पंजाब के मोगा में मेले से दो मासूम बहनों को ढोलक दिलाने का झांसा देकर अगवा किया. इसके बाद आरोपी ने सुनसान ईंट भट्ठे पर ले जाकर एक बच्ची की हत्या कर दी, जबकि दूसरी 3 किलोमीटर पैदल भागकर घर पहुंची और घटना बताई. पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.

Advertisement
X
आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Screengrab)
आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Screengrab)

पंजाब के मोगा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां गांव लोहारा के मेले से ढोलक दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने प्रवासी मजदूरों की दो मासूम बहनों का अपहरण कर लिया. आरोपी दोनों बच्चियों को सुनसान पड़े एक पुराने ईंट भट्ठे में ले गया, जहां उसने एक बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि दूसरी 6 वर्षीय बच्ची किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

जानकारी के अनुसार, गांव लोहारा में स्थित बाबा दामु शाह जी के स्थान पर हर वीरवार को मेला लगता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं. 23 अप्रैल को भी मेला लगा था और दोनों बहनें अपने घर से पैदल मेला देखने गई थीं. इसी दौरान आरोपी ने उन्हें ढोलक दिलाने का झांसा दिया और साइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया.

यह भी पढ़ें: लड़की की मदद करने पर हुआ था कत्ल... मोगा सरपंच हत्याकांड में खुलासा, जम्मू-कश्मीर से 4 आरोपी पकड़े गए

बताया गया कि आरोपी बच्चियों को मेले से करीब एक किलोमीटर दूर एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में ले गया. वहां उसने 8 वर्षीय मासूम सुबी को अपने सिर पर बंधे कपड़े से पेड़ पर टांग दिया. यह देखकर 6 वर्षीय छोटी बहन गंगा डर के मारे वहां से भागकर कुछ दूरी पर छिप गई.

Advertisement

छोटी बहन की सूझबूझ से खुला राज

कुछ देर बाद जब गंगा वापस लौटी तो उसने देखा कि आरोपी ने उसकी बहन के गले में कपड़ा बांधकर उसे पेड़ से लटका दिया और मौके से फरार हो गया. मासूम गंगा ने अपनी बहन को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी. इसके बाद वह करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर घर पहुंची और माता-पिता को पूरी घटना बताई.

परिवार तुरंत मौके पर पहुंचा और देखा कि बच्ची का शव पेड़ से लटका हुआ था. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. थाना कोट ईसे खां पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मृतका के पिता के बयान के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है.

परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

मृतक बच्ची के ताया नरेश कुमार ने बताया कि दोनों परिवार उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं और करीब दो साल पहले मोगा के गांव लोहारा स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करने आए थे. दोनों परिवार मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे और उसी भट्ठे पर 6–7 परिवार एक साथ रहते हैं.

Advertisement

उन्होंने बताया कि मेले में आरोपी ने बच्चियों को ढोलक दिलाने का बहाना बनाकर साइकिल पर बैठाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. एक बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी किसी तरह भागकर घर पहुंची और परिवार को घटना की जानकारी दी.

परिवार ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी

डीएसपी धर्मकोट सुखमंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी गगरा (24) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा. पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा और यह भी सामने आएगा कि उसने हत्या क्यों की. जांच जारी है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट: तन्मय सामंत.
Live TV

Advertisement
Advertisement