पंजाब के फाजिल्का जिले की पुलिस ने एक बड़े संगठित अपराध गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, 47 जिंदा कारतूस और 100 ग्राम हीरोइन बरामद की है. बताया जा रहा है कि यह गिरोह पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में अवैध हथियारों और नशे की खेप सप्लाई करता था.
कार्रवाई अबोहर थाना सिटी-1 पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की. पुलिस ने फाजिल्का रोड चुंगी स्थित एक यूनीक सैलून पर छापेमारी की, जहां से गैंग के 12 सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. पुलिस का दावा है कि सैलून की आड़ में हथियारों और ड्रग्स का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था.
यह भी पढ़ें: फाजिल्का में पुलिसकर्मी पर ड्रग्स खरीदने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद ASI सस्पेंड
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी कुख्यात गैंगस्टर विशाल पचार गिरोह से जुड़े हुए हैं. पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना विशाल पचार, सैलून मालिक समेत कुल 20 आरोपियों को नामजद किया है.
मुखबिर की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
एसएसपी के मुताबिक, सोमवार देर शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर विशाल पचार के निर्देश पर उसके गिरोह के सदस्य अबोहर स्थित यूनीक सैलून में एकत्र हुए हैं.
सूचना में यह भी बताया गया था कि आरोपी पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध हथियारों और हीरोइन की बड़ी खेप सप्लाई करने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल विशेष टीमों का गठन कर सैलून की घेराबंदी कर दी.
इसके बाद पुलिस ने सैलून में दबिश देकर वहां मौजूद 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चार अवैध पिस्तौल, छह मैगजीन, 47 जिंदा कारतूस और 100 ग्राम हीरोइन बरामद हुई.
15 से 25 साल के हैं अधिकांश आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए गिरोह के सदस्यों की उम्र 15 से 25 वर्ष के बीच है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी गैंगस्टर विशाल पचार के नेटवर्क के लिए काम कर रहे थे.
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अमृतसर से हीरोइन लेकर आते थे, जबकि अवैध हथियार राजस्थान से लाकर पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किए जाते थे.
पुलिस के मुताबिक, प्रत्येक खेप की सप्लाई के बदले आरोपियों को करीब 5 हजार रुपये का भुगतान किया जाता था. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
20 आरोपियों पर दर्ज हुआ केस
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरोह के सरगना विशाल पचार, सैलून मालिक और अन्य साथियों समेत कुल 20 आरोपियों को नामजद किया गया है.
सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगठित अपराध से संबंधित धारा 111, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के पूरे नेटवर्क, हथियारों और ड्रग्स की सप्लाई चेन तथा फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.