scorecardresearch
 

जाट सिख फेस, पूर्व MLA... कौन हैं पंजाब के नए बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लन

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और त्रिपुरा में प्रदेश अध्यक्षों के बदलाव किए हैं. पंजाब में केवल सिंह ढिल्लन को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जो पूर्व कांग्रेस नेता और प्रभावशाली जाट सिख चेहरे हैं.

Advertisement
X
बीजेपी ने केवल सिंह ढिल्लन को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाया है
बीजेपी ने केवल सिंह ढिल्लन को पंजाब प्रदेश अध्यक्ष बनाया है

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब और दिल्ली सहित चार प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं. इनमें हरियाण, दिल्ली और त्रिपुरा भी शामिल हैं. इनमें पंजाब पर सबसे अधिक निगाहें इसलिए टिकी हैं क्योंकि यहां अगले साल 2027 में ही चुनाव होने हैं और बीजेपी पंजाब फतह के मिशन पर लग गई है.

इसी कड़ी में पार्टी ने पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की कमान पूर्व बरनाला विधायक केवल सिंह ढिल्लन को सौंपी है. केवल सिंह ढिल्लन के नाम को पार्टी नेतृत्व ने मंजूरी दे दी है और गुरुवार को इसका ऐलान भी कर दिया है.

पंजाब की राजनीति में प्रभावशाली जाट चेहरे
कांग्रेस की पृष्ठभूमि से आने वाले केवल सिंह ढिल्लन को पंजाब की राजनीति में एक प्रभावशाली जाट सिख चेहरे के तौर पर देखा जाता है. वे पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं. ऐसे में बीजेपी का यह कदम 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में सिख समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.

वर्तमान पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई में पूरा हो रहा है. हालांकि, पार्टी सूत्रों का कहना है कि सुनील जाखड़ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति और चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे.

Advertisement

बीजेपी पंजाब में धार्मिक और सामाजिक समीकरण साध रही

बीजेपी के भीतर पिछले कुछ समय से यह मांग उठ रही थी कि पंजाब इकाई की कमान किसी सिख चेहरे को सौंपी जाए. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग को इस फैसले का मजबूत समर्थक माना जा रहा है. वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजाब प्रभारी श्रीनिवासलु और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी ढिल्लन के नाम के पक्ष में बताए जा रहे हैं.

हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह की डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लन से मुलाकात के बाद भी पंजाब के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई थीं. माना जा रहा है कि बीजेपी पंजाब में धार्मिक और सामाजिक समीकरणों को साधने की कोशिश कर रही है.

बरनाला जिले के तल्ले गांव में जन्मे

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई अन्य नामों पर भी विचार किया गया था. इनमें जगमोहन राजू, मनजीत सिंह राय, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल के नाम शामिल थे. लेकिन अंततः संगठनात्मक अनुभव और सिख समुदाय में प्रभाव को देखते हुए केवल सिंह ढिल्लन का नाम सबसे आगे निकलकर आया.

बरनाला जिले के तल्लेवाल गांव में जन्मे केवल सिंह ढिल्लों 2007 से 2017 तक बरनाला से विधायक रहे. हालांकि 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता गुरमीत सिंह मीत से हार का सामना करना पड़ा था.

Advertisement

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस की हार के बाद केवल सिंह ढिल्लन कई पूर्व कांग्रेस नेताओं के साथ बीजेपी में शामिल हो गए थे. इसके बाद पार्टी ने उन्हें पंजाब बीजेपी का उपाध्यक्ष भी बनाया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनके पुराने संबंध और कांग्रेस संगठन में लंबे अनुभव का फायदा बीजेपी को मिल सकता है.

खासतौर पर मालवा क्षेत्र में पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है, जहां जाट सिख राजनीति का बड़ा प्रभाव माना जाता है. बीजेपी पंजाब में लंबे समय से अपने जनाधार को विस्तार देने की कोशिश कर रही है.

अकाली दल से अलग होने के बाद पार्टी को राज्य में नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण बनाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को बीजेपी की नई राजनीतिक रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement