पंजाब में मोहाली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली युवती डिंपल की बेरहमी से हत्या से सनसनी है. आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका साथी है. मर्डर के बाद आरोपी ने खुद भी सुसाइड की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया.
दोनों को गंभीर हालत में एक फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां युवती की मौत हो गई. मृतका की पहचान डिंपल निवासी पटियाला के रूप में हुई. जबकि आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने मर्डर का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
तीन साल का प्यार और फिर ब्रेकअप
पता चला है कि दोनों एक प्रावइेट कंपनी में तीन सालों से इकट्ठा काम कर रहे थे. यह कंपनी पैकर्स एंड मूवर्स का काम करती थी. इस दौरान दोनों में दोस्ती हुई, बात प्रेम तक पहुंच गई. लेकिन कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था, जिससे आरोपी काफी टूट गया था. वह मानसिक रूप से परेशान रहने लग पड़ा था. उसने डिंपल से दोबारा रिलेशन सुधारने की कोशिश की, लेकिन बात सुलझ नहीं सकी. ऐसे में वह काफी परेशान हो गया.
आफिस पहुंचकर चाकू से किया हमला
वीरवार देर शाम आरोपी कंपनी में पहुंचा, जहां पर आरोपी और मृतका में किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसी बीच उसने चाकू से डिंपल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. डिंपल वहां से भागी लेकिन हैरी ने उसे दौड़ाकर कई बार चाकू गोदे. वहां खड़े अन्य लोग लड़की को बचाने की कोशिश करते रहे लेकिन हैरी ने उसकी जान ले ही ली.
सीसीटीवी में साफ दिखी वारदात
ये सब करने के बाद वह लगातार अपने गले पर चाकू मारता रहा. पूरी की पूरी वारदात दफ्तर के सीसीटीवी में साफ- साफ और हर एंगल से कैद हुई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया, जबकि हरविंदर का उपचार जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
मोहाली के थाना फेज-11 के एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि लड़की मौत हो गई. पेरेंटस को सूचना दी गई है. उनके आते ही बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. एसएचओ ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना करीब 7:40 बजे मिली थी, जिसके बाद तुरंत टीम मौके पर भेजी गई. फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. परिसर से सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर जांच की जा रही है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम रात करीब 10 बजे तक मौके पर मौजूद रही और इलाके को सील कर दिया गया. पुलिस अभी तक हमले के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं कर पाई है और आरोपी व मृतका के रिश्ते की भी जांच की जा रही है.
हैरी के बारे में क्या बोले पड़ोसी?
हरजिंदर सिंह के बारे में उसके पड़ोसियों ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं. पड़ोसी करमजीत सिंह बाजवा ने बताया कि उन्हें इस घटना की पहले कोई जानकारी नहीं थी और न ही वे आरोपी को नजदीक से जानते थे. करमजीत सिंह बाजवा ने कहा कि हरजिंदर सिंह का घर अधिकांश समय बंद ही रहता था. उनके अनुसार, कभी-कभार एक बुजुर्ग महिला घर पर आकर सफाई करवा जाती थीं, लेकिन घर में किसी अन्य व्यक्ति की आवाजाही बहुत कम देखने को मिलती थी.
उन्होंने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने कभी भी किसी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति को उस घर में आते-जाते नहीं देखा. घर में कौन रहता था या परिवार के अन्य सदस्य कौन हैं, इसके बारे में भी स्थानीय लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं थी.
बाजवा ने कहा कि वे लगभग तीन वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं, लेकिन इस दौरान उन्होंने हरजिंदर सिंह को बहुत कम या लगभग कभी भी घर के बाहर नहीं देखा. स्थानीय लोगों का मानना है कि परिवार के सदस्य ज्यादातर बाहर ही रहते थे और घर में नियमित रूप से कोई नहीं रहता था. फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हमले के कारणों को लेकर विभिन्न पहलुओं से जानकारी जुटाई जा रही है. पड़ोसियों के बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.