अरुणाचल प्रदेश में भारत और चीन की सीमा पर बढ़े तनाव को लेकर आईटीबीपी के महानिदेशक (डीजी) शत्रुजीत कपूर का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि जुलाई के बाद से उत्तरी सीमा पर चीन की सेना के साथ कई स्थानों पर आमने-सामने (फेस-ऑफ) की स्थिति बनी हुई है. यह पहला मौका है जब किसी शीर्ष अधिकारी ने आधिकारिक तौर पर एलएसी पर जारी तनाव की पुष्टि की है. राजस्थान के अलवर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी डीजी ने बताया कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिशें करती रहती है, जिसका भारतीय बल मजबूती से जवाब दे रहे हैं.