scorecardresearch
 

मां और पत्नी को मार डाला, फिर इमरजेंसी बोलकर स्कूल से बच्चों को लिया और कूद गया ट्रेन के आगे

आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी और मां की हत्या की, फिर दो मासूम बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या व आत्महत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है.

Advertisement
X
पत्नी और मां को मारकर दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद शख्स (Photo: representational image)
पत्नी और मां को मारकर दो बच्चों के साथ ट्रेन के आगे कूद शख्स (Photo: representational image)

आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी और बाद में अपने दो बच्चों के साथ चलती ट्रेन के नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली. पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी. 

मृतकों की पहचान 37 साल के मोहन, उनकी पत्नी 35 साल की हरिथा, 65 साल की मां चंद्रकला और दो नाबालिग बच्चों के रूप में हुई है, जो वेंकटकृष्णपालम गांव के निवासी थे. पुत्तूर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) जी रवि कुमार ने एजेंसी को बताया,'मोहन ने 22 अप्रैल को तिरुपति जिले में अपनी पत्नी और मां की हत्या कर दी और बाद में अपने दो बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली.'

उन्होंने कहा, 'हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या मोहन को कोई मानसिक समस्या थी, क्योंकि अभी तक कोई स्पष्ट मकसद सामने नहीं आया है.' प्रारंभिक जांच के अनुसार, मोहन ने कथित तौर पर घर में अपनी पत्नी का गला साड़ी से घोंट दिया और बाद में अपनी मां की भी इसी तरह हत्या कर दी. पड़ोसियों ने मोहन को एक सभ्य व्यक्ति बताया और पुलिस ने बताया कि परिवार ने हाल ही में एक सीमेंट की दुकान खोली थी.
 
अपनी मां और पत्नी की हत्या करने के बाद, मोहन अपने बच्चों के स्कूल गया और फैमिली इमरजेंसी का हवाला देते हुए उन्हें वहां से ले आया. बाद में, 22 अप्रैल को शाम लगभग 7.15 बजे वेपागुंटा रेलवे स्टेशन के पास, मोहन अपने दो बच्चों के साथ एग्मोर-काचेगुडा ट्रेन की चपेट में आ गया.

Advertisement

लोको पायलट केवीएस बाबू द्वारा स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना देने के बाद रेलवे अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मौतों की पुष्टि की. पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे का तत्काल कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है.

इस बीच, पुलिस ने दो महिलाओं की हत्या के संबंध में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि रेलवे ट्रैक के पास हुई मौतों की जांच सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा अलग से की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement