scorecardresearch
 

क्या ट्रस्ट को पता थी घोटाले की बात? राम मंदिर चढ़ावा चोरी में सामने आया नया पैटर्न

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट ने औपचारिक शिकायत दर्ज होने से पहले ही कथित गबन की गई रकम की रिकवरी शुरू कर दी थी. 4 जून को चंपत राय को पहली बार गड़बड़ी की जानकारी मिली थी.

Advertisement
X
ट्रस्ट 4 जून से ही जानता था कि राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी हो रही है
ट्रस्ट 4 जून से ही जानता था कि राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी हो रही है

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में जांच जारी है. इस दौरान एक अलग ही घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें इस घटना का दूसरा पैटर्न नजर आ रहा है. सूत्रों के मुताबिक, औपचारिक शिकायत दर्ज होने से पहले ही राम मंदिर ट्रस्ट ने कथित गबन की गई रकम की रिकवरी शुरू कर दी थी. सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय को 4 जून को पहली बार चंदे -चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जानकारी मिली. इसके बाद ट्रस्ट ने आंतरिक स्तर पर मामले को देखा और इसकी जांच की. 

कार्रवाई का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद!

बताया जा रहा है कि 5 जून को ट्रस्ट के अधिकारी पुलिस के साथ आरोपियों के घर पहुंचे थे, जहां से करीब 58 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. इस कार्रवाई का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद होने की बात कही जा रही है, जिसमें ट्रस्ट अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में नकदी बरामद होती दिखाई देती है. सूत्रों का दावा है कि इसके बाद आरोपियों ने 5 जून से 8 जून के बीच बची हुई रकम अपने बैंक खातों के माध्यम से ट्रस्ट को लौटा दी.

ये पूरा पैटर्न कुछ ऐसा बताया जा रहा है- 

4 जून: ट्रस्ट को कथित चढ़ावा चोरी की जानकारी मिली.
5 जून: आरोपियों के घर से करीब 58 लाख रुपये नकद बरामद किए गए.
5 से 8 जून: बाकी रकम बैंक खातों के जरिए वापस की गई.

Advertisement

अब जांच एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही हैं. खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि जब औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, तब रकम की रिकवरी कैसे और किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही शुरुआती कार्रवाई में किसी तरह की प्रक्रियागत चूक हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. मामले में कथित साजिश और मनी ट्रेल की जांच अभी जारी है.

चंपत राय के बयान भी हुए दर्ज

उधर, सोमवार को सामने आया है कि पुलिस ने इस मामले की जांच के तहत, ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय के बयान दर्ज किए हैं. जांच में आगे जरूरत पड़ने पर पुलिस अनिल मिश्रा और ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज करेगी. बता दें कि हाल ही में चंपत राय ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव पद से इस्तीफा दिया है.

पिछले कई दिनों से चल रही सियासी और धार्मिक बयानबाजी के बीच, ट्रस्ट ने दो दिन पहले खुद आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर चंपत राय के इस्तीफे की पुष्टि की थी. सूत्रों के मुताबिक, मंदिर ट्रस्ट को चंदे और चढ़ावे की इस कथित गड़बड़ी की जानकारी पहले से थी और पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई भी औपचारिक शिकायत दर्ज होने से पहले ही कर दी थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement