कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है. राहुल ने देश की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए कहा है कि दुनिया तेजी से बदल रही है और संकट अब हमारे दरवाजे पर आ खड़ा हुआ है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने तुरंत कड़े कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में करोड़ों परिवारों के लिए महंगाई का बोझ संभालना मुश्किल हो जाएगा.
'संकट हमारे दरवाजे पर है'
अपनी पोस्ट में उन्होंने साफ लिखा कि अगर वक्त रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो LPG सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतें आम आदमी के लिए सबसे बड़ी मुसीबत बन जाएंगी. सरकार को सीधे निशाने पर लेते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सच्चाई अब सबके सामने है पीएम मोदी ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा के साथ समझौता कर लिया है. उनका मानना है कि सरकार की गलत नीतियां ही अब देश को मुश्किल में डाल रही हैं.
यह भी पढ़ें: 'संसद में क्यों नहीं आ रहे PM मोदी', गैस संकट के बीच राहुल गांधी का सवाल
विदेश नीति पर भी उठाए सवाल
उन्होंने सिर्फ महंगाई ही नहीं, बल्कि सरकार की विदेश नीति को भी आड़े हाथों लिया. इस पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लिखा कि 'कमजोर और दिशाहीन' विदेश नीति ने ही भारत को आज इस खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है. उन्होंने देशवासियों को आगाह किया कि अब सच बताने और भविष्य के लिए तैयार होने का वक्त आ गया है, वरना इसका खामियाजा सीधे तौर पर देश की आम जनता को भुगतना पड़ेगा.