प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर वीडियो जारी किया है. उन्होंने गुरुवार को शेयर किए गए अपने वीडियो पर मिले रिस्पॉन्स के लिए लोगों का आभार जताया. पीएम मोदी ने कहा, 'थैंक यू फ्रेंड्स. कल देर रात आपसे मिलने का मौका मिला.
मैंने जो वीडियो पोस्ट किया था, उस पर जिस तरह से आपने रिस्पॉन्ड किया और पॉजिटिव सुझाव दिए, उसके लिए थैंक्स टू एवरीबडी. आपका यह प्यार बना रहेगा और हमारा नाता और अधिक सक्रियता से जुड़ता रहेगा. थैंक यू, थैंक यू दोस्तों.' वीडियो पोस्ट करने के 20 मिनट के भीतर ही 10 लाख से ज्यादा व्यूज हो चुके थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक के दौरान सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से ज्यादा से ज्यादा जुड़ने पर जोर दिया था. बुधवार को हुई बैठक में उन्होंने अपने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों को सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहने की सलाह दी. सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी ने बैठक में यह भी पूछा कि उनके कितने सहयोगी इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म का नियमित रूप से इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम पर बड़ी संख्या में युवा मौजूद हैं और सरकार को इन प्लेटफॉर्म के जरिए उनसे सीधे जुड़ने और संवाद बढ़ाने की जरूरत है.
पोस्ट किया था वीडियो
इसके अगले दिन गुरुवार रात 11:52 बजे पीएम मोदी ने एक सेल्फी वीडियो मैसेज पोस्ट किया. इसमें उन्होंने सीधे छात्रों से बात करते हुए भरोसा दिलाया कि NEET पेपर लीक विवाद के बीच सरकार उनके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक कोई 'मामूली बात नहीं' है और इसके खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएंगे. इस बीच शुक्रवार को कैबिनेट में एक प्रस्तावित कानून पर भी चर्चा होनी है, जिसमें फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान शामिल है.