प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने नेतृत्व के 25 साल पूरे होने के मौके पर कैप्टन स्मित मछार की अदम्य हिम्मत और सूझबूझ को याद किया. पीएम मोदी ने कहा, "आज भारत के पायलट की चर्चा है, एक दिन वो भी आएगा जब दुनिया Made in India प्लेन की चर्चा करेगी." उन्होंने कहा कि बीते 25 साल देश की सेवा, बड़े संकल्पों और लगातार आगे बढ़ने की यात्रा रहे हैं. इसी दौरान भारत को विकसित देश बनाने और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने का संकल्प भी मजबूत हुआ है.
कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की प्रधानमंत्री पहले भी कई बार तारीफ कर चुके हैं. फ्लाईदुबई विमान में को-पायलट के जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने सूझबूझ दिखाई और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे. उनकी इस कोशिश से यात्रियों और दूसरे क्रू मेंबर को अंदर पहुंचने का मौका मिला और विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाई जा सकी.
यह भी पढ़ें: 'We Will Do It...', प्रधानमंत्री मोदी के सेवा भाव के 25 साल पूरे, विकसित भारत के लिए दिया नया नारा
PM ने कहा- पूरे देश को स्मित पर गर्व
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी कैप्टन स्मित को हीरो बताया था. उन्होंने कहा था कि उनके अदम्य साहस और वीरता पर पूरे भारत को गर्व है.
इसके बाद 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन पीएम मोदी ने अबू धाबी के अस्पताल में इलाज करा रहे कैप्टन स्मित से करीब 9 मिनट की वीडियो कॉल पर बात की थी. उन्होंने स्मित का हालचाल जाना और उनके जल्द ठीक होने की कामना की. इस बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है.
पीएम ने कहा कि गंभीर चोट और जीवन-मौत की लड़ाई के बीच भी स्मित ने यात्रियों की जान बचाकर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया. उन्होंने कहा कि भारत के लोग जान लेने वाले नहीं, बल्कि जान बचाने वाले हैं. गांधी जयंती के संदर्भ में पीएम ने यह भी कहा कि स्मित ने अहिंसा का अर्थ अपने कर्म से दुनिया को दिखाया.
यह भी पढ़ें: 'हमने घर में घुसकर मारा...', PM मोदी ने कहा- आतंकियों को बता दी भारत की ताकत
स्मित के परिवार के संस्कारों को भी सराहा
वीडियो कॉल के दौरान प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित की मां गीता बहन और पिता भूपेंद्र भाई से भी बात की. उन्होंने गीता बहन के संस्कारों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने "कृष्ण की गीता को पचाकर अपने बेटे को ये वीर संस्कार दिए हैं."
संकट के वक्त स्मित द्वारा हनुमान चालीसा पढ़ने की बात का भी प्रधानमंत्री ने जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देशवासियों की प्रार्थनाओं और स्मित के साहस ने इस घटना को एक ऐसी मिसाल बना दिया है, जिसकी चर्चा भारत के साथ दुनिया में भी हो रही है.