ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में परीक्षा के डर से घर से भागी सातवीं कक्षा की दो छात्राओं को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया है. दोनों छात्राएं वार्षिक परीक्षा से बचने के लिए घर से निकल गई थीं. पुलिस ने उन्हें अंगुल जिले से ढूंढकर उनके परिजनों के हवाले कर दिया.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि दोनों छात्राएं गुरुवार सुबह करीब 10 बजे भुवनेश्वर के मैत्री विहार थाना क्षेत्र स्थित अपने घरों से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटीं. देर शाम तक जब दोनों का कोई पता नहीं चला तो उनके परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
9 मार्च से शुरू होने वाली थी वार्षिक परीक्षा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों छात्राओं की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी. पुलिस ने मानव स्रोतों और तकनीकी मदद से दोनों छात्राओं की लोकेशन का पता लगाया.
भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्त एस. देव दत्ता सिंह ने बताया कि शनिवार को दोनों छात्राओं को ओडिशा के अंगुल जिले के किशोर नगर इलाके से सुरक्षित बरामद किया गया. वो एक छात्रा के रिश्तेदार के घर पर मौजूद थीं.
पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बरामद किया
पूछताछ में सामने आया कि दोनों छात्राओं की वार्षिक परीक्षाएं 9 मार्च से शुरू होने वाली थीं. पढ़ाई में कमजोर होने के कारण वो परीक्षा देने से डर रही थीं. इसी वजह से उन्होंने घर से भागने का फैसला किया. पुलिस ने बताया कि दोनों छात्राओं को बरामद करने के बाद उनसे पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं. इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके माता-पिता के हवाले कर दिया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या अपहरण का मामला सामने नहीं आया है. फिलहाल दोनों छात्राएं सुरक्षित हैं और परिवार के साथ हैं.