scorecardresearch
 

'अधिकारियों पर हो हत्या का केस', संजय सिंह की राज्यसभा में मांग- पालम अग्निकांड की हो समयबद्ध जांच

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये सरकारी लापरवाही से की गई हत्या है. उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री के बयान की आलोचना की और समयबद्ध जांच कराकर कार्रवाई की मांग की.

Advertisement
X
संजय सिंह बोले- क्षेत्रीय विधायक ने हमारे पूर्व विधायक पर किया हमला (Photo: Screengrab)
संजय सिंह बोले- क्षेत्रीय विधायक ने हमारे पूर्व विधायक पर किया हमला (Photo: Screengrab)

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को राज्यसभा में पालम अग्निकांड का मुद्दा उठाया. उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री के इस बयान की भी आलोचना की है कि गलती तो उस परिवार की ही थी. संजय सिंह ने फायर ब्रिगेड की लापरवाहियों का भी सदन में उल्लेख किया और इस घटना की निश्चित समय सीमा के भीतर जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली, जहां पर राष्ट्रपति रहती हैं, प्रधानमंत्री रहते हैं, पूरी सरकार रहती है. उन्होंने कहा कि इस संसद से कुछ किलोमीटर दूर पालम के क्षेत्र में एक अग्निकांड हुआ. इस अग्निकांड में राजेंद्र कश्यप का पूरा परिवार समाप्त हो गया. संजय सिंह ने कहा कि नौ लोगों की जान चली गई. मां और बेटी को जलने के बाद अलग नहीं किया जा सका.

उन्होंने कहा कि जान तो गई नौ लोगों की, लेकिन  चिताएं आठ जल पाईं. इतनी दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई. संजय सिंह ने कहा कि जब वो लोग चीख रहे थे, चिल्ला रहे थे, उनके बच्चे कह रहे थे हमें बचा लो, बचा लो. जो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां गईं, उनकी हाइड्रोलिक सीढ़ी खुल नहीं रही थी. उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष के कुछ लोगों को तो हंसी आ रही है. मुझे समझ में नहीं आता कि क्यों हंसी आ रही है. फायर ब्रिगेड के पास सेफ्टी जाल भी नहीं था कि लोग उसमें कूदकर अपनी जान बचा सकें.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'हां, मैं भारत का कृषि मंत्री शिवराज...',  लोकसभा में क्यों बोले शिवराज, उत्तेजित हुए धर्मेंद्र यादव

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आगे कहा कि बगल में गद्दे की दुकान थी. गद्देवाला कहता रहा कि हम ये गद्दे लगा दे रहे हैं. बच्चे कूद जाएंगे, इनकी जान बच जाएगी. लेकिन गद्दा भी नहीं लगाने दिया गया. उन्होंने कहा कि ये सरकारी लापरवाही के कारण की गई हत्या है. जो भी दोषी अधिकारी हैं, उनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई होनी चाहिए. संजय सिंह ने कहा कि कल दिल्ली सरकार के मंत्री ने बोला कि आखिर गलती तो उसी परिवार की थी.

यह भी पढ़ें: 'मुझे मेरी मां याद आ गई....', लोकसभा में क्यों बोले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी

उन्होंने कहा कि इतनी निर्दयता आप लाते कहां से हैं. आपने कहा कि परिवार ने होजरी का काम कर रखा था, कॉस्मेटिक्स के सामान रख रखे थे. इसलिए वो आग लगी और इतना कुछ हुआ. संजय सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि दिल्ली सरकार के उस मंत्री पर भी कार्रवाई हो और उनका इस्तीफा लिया जाए. उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जब संवेदना व्यक्त करने गए, वहां के स्थानीय विधायक ने हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा पर भी हमला किया. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: ईरान जंग पर आज राज्यसभा में बोलेंगे PM मोदी, 2 बजे संबोधन

संजय सिंह ने क्षेत्रीय विधायक पर शोक सभा को भी डिस्टर्ब करने का आरोप लगाया और मामले की एक निश्चित समयसीमा के भीतर जांच कराकर दोषी अधिकारियों पर एक्शन की मांग की. उन्होंने यह मांग भी दोहराई कि दिल्ली सरकार के उस मंत्री का भी इस्तीफा लिया जाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement