Parliament Proceedings Live संसद के बजट सत्र का दूसरा हाफ चल रहा है. दूसरे हाफ के नए हफ्ते के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में ईरान जंग पर बयान दिया था. पीएम मोदी आज राज्यसभा में इसी मुद्दे पर बयान दे रहे हैं. पीएम मोदी ने राज्यसभा में कहा कि भारत ने संवाद का रास्ता सुझाया है. हम सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि अगर यह जंग जारी रही, तो इसके गंभीर दुष्परिणाम होंगे. उन्होंने कहा कि भारत हर सेक्टर में यह प्रयास कर रहा है कि किसी भी सेक्टर में दूसरे देशों पर बहुत अधिक निर्भरता न हो. पीएम ने शिप बिल्डिंग से लेकर रेयर अर्थ मिनरल्स तक, आत्मनिर्भरता के प्रयास गिनाए और कहा इस संकट ने दुनिया को हिला दिया है. इससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा. सरकार पल-पल बदलते हालात पर नजर रखे हुए है.
लोकसभा के बाद अब राज्यसभा की कार्यवाही भी कल यानी 25 मार्च, बुधवार को दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित हो गई है. स्पेशल मेंशन के बाद चेयर से डिप्टी चेयरमैन पैनल की एस फान्गनॉन कोन्याक ने सदन की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
ट्रांसजेंडर अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक लोकसभा से पारित हो गया है. यह बिल पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित हो गई है. चेयर से संध्या राय ने सदन की कार्यवाही बुधवार 25 मार्च, दिन में 11 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी. वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही जारी है. राज्यसभा में अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा चल रही है.
राजेश रंजन पप्पू यादव, टी सुमथि, सौगत रॉय, के काव्या की ओर से पेश किए गए संशोधन ध्वनिमत से गिर गए हैं. ट्रांसजेंडर अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक लोकसभा से पारित हो गया है.
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार लोकसभा में ट्रांसजेंडर अधिकारों का संरक्षण (संशोधन) विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सामाजिक समावेशन नएक वैकल्पिक विषय नहीं है. समाज के हाशिए पर खड़े व्यक्ति को मुख्य धारा में लाना कहने में जितना आसान है, करने में उतना ही कठिन है. इसके लिए लंबे प्रयास की जरूरत होती है. डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने किसान सम्मान निधि से उज्ज्वला योजना तक, सरकार की योजनाएं गिनाईं और कहा कि हमारे प्रयास धरातल पर भी उतरे. ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की संवेदनशीलता को किसी भी तरह से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यही भविष्य की नींव है. बच्चों के खिलाफ अपराध को किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. बच्चों को हानि पहुंचाने वालों को रोकने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं. अपराध के खिलाफ कानून को और सशक्त बनाने का यह संशोधन प्रयास करता है. इस संशोधन बिल के पारित होने से कानूनी स्पष्टता आएगी.
ट्रांसजेंडर अधिकारों का संरक्षण अधिनियम (संशोधन) विधेयक लोकसभा में पेश हो गया है. सामाजिक न्याय और मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने मंगलवार को यह बिल लोकसभा में पेश किया. विपक्षी दलों के सांसदों ने इस बिल का विरोध करते हुए यह डिमांड की है कि इसे स्टैंडिंग कमेटी को भेजा जाए. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले, कांग्रेस की एस जोतिमणि, समाजवादी पार्टी के आनंद भदौरिया, डीएमके की टी सुमथि ने इसे स्टैंडिंग कमेटी को भेजने की मांग की है. सामाजिक न्याय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर अधिकारों का संरक्षण अधिनियम (संशोधन) बिल लोकसभा में पेश करते हुए कहा कि यह किसी के खिलाफ नहीं है. यह बिल ट्रांसजेंडर समाज के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लाया गया है. उन्होंने सभी दलों के सदस्यों से बिल पर चर्चा करने, बिल को पारित करने में सहयोग करने की भी अपील की. सामाजिक न्याय मंत्री के बिल पेश करने के बाद कांग्रेस सांसद एस जोतिमणि ने इसका विरोध किया. उन्होंने कहा कि हम ट्रांसजेंडर्स की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनके साथ मजबूती से खड़े हैं.
सपा सांसद आनंद भदौरिया ने कहा कि इस बिल में किन्नर समाज की परिभाषा अस्पष्ट है. यह एक अंब्रेला टर्म है. इस डायवर्सिटी को इग्नोर करना संविधान के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संशोधन सेल्फ डिक्लेरेशन के प्रावधान को हटा देता है. इसमें अपने असली रूप में जीने के इंसान के अधिकार को अपराध जैसा बना दिया गया है. आनंद भदौरिया ने कहा कि नए संशोधन के कारण ट्रांसजेंडर की लीगल पहचान, उनको मिल रही सुविधाएं खतरे में पड़ सकती है. महाभारत में भी शिखंडी की महागाथा मिलती है. ट्रांसजेंडर समुदाय अपने जैसे साथियों के साथ रहकर अपनी सुरक्षा, अपने जीने का हक रखता आया है. यह बिल ये अधिकार उनसे छीन रहा है.
सामाजिक न्याय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर अधिकारों का अधिनियम बिल लोकसभा में पेश कर दिया है. यह बिल पेश करते हुए डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यह ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए है. इस बिल पर चर्चा के लिए तीन घंटे का समय अलॉट किया गया है. कांग्रेस की सांसद एस जोतिमणि ने कहा कि हम ट्रांसजेंडर्स की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनके साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को कोट किया और कहा कि यह बिल इसके खिलाफ है. हम इसका विरोध करते हैं. कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने भी यह बिल स्टैंडिंग कमेटी को भेजने की मांग की.
सामाजिक न्याय मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने ट्रांसजेंडर अधिकारों का अधिनियम बिल लोकसभा में पेश कर दिया है. यह बिल पेश करते हुए डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा कि यह ट्रांसजेंडर लोगों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए है. कांग्रेस की सांसद एस जोतिमणि ने कहा कि हम ट्रांसजेंडर्स की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनके साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले को कोट किया और कहा कि यह बिल इसके खिलाफ है. हम इसका विरोध करते हैं.
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हम चाहते हैं कि वित्त मंत्री का फाइनेंस बिल पर जवाब विस्तार से हो. हम सदन का सेंस चाहते हैं कि ट्रांसजेंडर वाला बिल है, उसे ले लिया जाए और वित्त मंत्री का जवाब कल प्रश्नकाल के बाद 12 बजे से हो. इस पर सुप्रिया सुले ने कहा कि सरकार के चार बिल हैं. हम तीन बिल पर पूरी ताकत के साथ चर्चा के लिए तैयार हैं. हम चाहते हैं कि ट्रांसजेंडर का बिल संवेदनशील बिल है, इसे स्टैंडिंग कमेटी को भेजा जाए. हमने बीएसी में भी यह प्रस्ताव रखा था. इस पर किरेन रिजिजू ने कहा कि यह महत्वपूर्ण बिल है. इस पर पहले ही बहुत ज्यादा चर्चा की जा चुकी है. ज्यादा समय न लेते हुए इस पर चर्चा शुरू की जाए.
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बाद चेयर से संध्या राय ने अगले वक्ता के रूप में हनुमान बेनीवाल का नाम लिया. हनुमान बेनीवाल बोलने के लिए अपनी जगह खड़े भी हुए, लेकिन दीपेंद्र हुड्डा ने बोलना जारी रखा. चेयर से संध्या राय ने उनसे बोलने के लिए कहा. बेनीवाल ने जब बोलना शुरू नहीं किया, तब संध्या राय ने अगली वक्ता छत्तीसगढ़ के महासमुंद से बीजेपी की सांसद रूप कुमारी का नाम ले लिया. एडवोकेट चंद्रशेखर ने इस पर कहा कि हनुमान जी बोल रहे हैं, बोल रहे हैं. हनुमान बेनीवाल ने बोलना शुरू किया और कहा कि हनुमान जी हमेशा दूसरों के ही काम आए हैं.
हरियाणा के रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आजादी के पहले देश में बजट शाम पांच बजे पेश होता था. क्योंकि ग्रेट ब्रिटेन के लोग शाम पांच बजे तक जाग जाते थे. अगले बजट तक आपको कहीं रात 12 बजे बजट पेश न करना पड़े, क्योंकि तब तक अमेरिका के लोग जाग चुके होंगे. अमेरिका के राष्ट्रपति हमें बता रहे हैं कि हम किससे तेल खरीदें, किससे ना खरीदें. वेनेजुएला से हमारे तेल खरीदने की घोषणा भी कर दी. उन्होंने सुषमा स्वराज को कोट करते हुए कहा कि रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले 50 के पार पहुंची थी, तब वह बोली थीं कि जिस देश की करेंसी गिरती है, उस देश की प्रतिष्ठा गिरती है. यह सही कहा था उन्होंने. आज देश की करेंसी आजादी के बाद पहली बार गिरावट के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 90 रुपये के पार पहुंच गई है. दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के साथ एक और चीज होती है, देश से कंपनियां कितना पैसा बाहर ले जा रही हैं. मेक इन इंडिया का गान करते हैं और देश की कंपनियों का ही इनकी नीतियों में भरोसा नहीं रहा और वह अपना पैसा दूसरे देशों में लेकर जा रही हैं.
असम की नगांव लोकसभा सीट से 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीते प्रद्युत बोरदोलोई ने 17 मार्च को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. वह बीजेपी में शामिल हो गए थे. प्रद्युत बोरदोलोई ने लोकसभा की सदस्यता से भी अपना इस्तीफा स्पीकर ओम बिरला को भेज दिया था. स्पीकर ने इसे मंजूर कर लिया है. लोकसभा स्पीकर ने मंगलवार को सदन में इस बात की जानकारी दी. स्पीकर ने कहा कि असम के नगांव से सांसद प्रद्युत बोरदोलोई का सदन की सदस्यता से इस्तीफा मंजूर कर लिया हूं. यह इस्तीफा 20 मार्च से प्रभावी माना जाएगा.
यह भी पढ़ें: लोकसभा स्पीकर ने मंजूर किया प्रद्युत बोरदोलोई का इस्तीफा, कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हुए थे नगांव सांसद
झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा अनुपूरक अनुदान मांगें केवल खर्च की अनुमति नहीं होना चाहिए. यह इस बात के लिए भी होना चाहिए प्रत्येक खर्च जनता के हित के लिए हो. झारखंड को कोयले की रॉयल्टी का पैसा अब तक नहीं मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार आठ लाख प्रधानमंत्री आवास की मांग करते रहे. जब यह भी नहीं मिला, तब अबुआ आवास योजना लाकर सरकार तीन कमरों का घर गरीबों को उपलब्ध करा रही है. राज्यों के साथ भेदभाव न हो.
जम्मू कश्मीर के बारामूला से निर्दलीय सांसद अब्दुल रशीद शेख ने सरकार से ईरान के साथ खड़ा होने की अपील की है. उन्होंने यह भी कहा कि सच्ची बात करने के लिए हमारे जैसे लोग यूएपीए में सड़ रहे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि यह संकट अलग प्रकार का है और इसके समाधान भी अलग प्रकार से ही तय किए जा रहे हैं. इस युद्ध के प्रभाव लंबे समय तक रहने की प्रबल आशंका है. हम देशवासियों को भरोसा देता हूं कि हम सतर्क हैं. हम देश की जनता के हित में हर निर्णय ले रहे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने संवाद का रास्ता सुझाया है. हम ईरान, अमेरिका और इजरायल समेत सभी पक्षों से लगातार संपर्क में हैं. युद्ध से जिस तरह की परिस्थितियां बनी हैं, अगर यह जंग जारी रही तो गंभीर दुष्परिणाम होंगे. हमारे फंडामेंटल्स मजबूत हैं और हम रणनीति के साथ काम कर रहे हैं कि भारत पर इसके कम से कम दुष्परिणाम हों. पश्चिम एशिया में जंग की वजह से जितना नुकसान हो चुका है, उससे रिकवर करने में भी दुनिया को काफी समय लगेगा. यह राज्यों का सदन है और यह संकट आने वाले समय में हमारी बड़ी परीक्षा लेने वाला है. राज्यों की भूमिका भी इस संकट में अहम होने वाली है. पीएम गरीब कल्याण योजना का लाभ गरीबों को समय पर मिलता रहे, यह प्रयास करना होगा. राज्यों को प्रवासी मजदूरों की समस्याओं पर भी ध्यान देना होगा. कालाबाजारी, जमाखोरी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए. जरूरी चीजों की सप्लाई सुनिश्चित करना राज्यों की प्राथमिकता होनी चाहिए. संकट चाहे कितना भी बड़ा हो, भारत की तेज ग्रोथ बनाए रखना हम सभी का दायित्व है. हमें तेजी से रिफॉर्म करने होंगे. ये टीम इंडिया की भी बड़ी परीक्षा है. कोविड काल में हमने नया मॉडल सामने रखा था. हमें उसी भावना के साथ आगे भी काम करना होगा. सभी राज्य सरकारों और केंद्र के प्रयासों से देश इस गंभीर संकट का प्रभावी तरीके से सामना कर पाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईरान जंग पर राज्यसभा में बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि ये सरकारी लापरवाही से की गई हत्या है. उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री के बयान की आलोचना की और समयबद्ध जांच कराकर कार्रवाई की मांग की.
गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी पहले विश्व गुरु हैं, जिनका चेला ही कोई नहीं है. इस बजट में मजदूर भाइयों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया गया. पंजाब के मजदूरों के लिए विशेष पैकेज देना चाहिए. इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है. हम जब तक बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं देंगे, तरक्की नहीं कर पाएंगे. विश्वगुरु बन तो जाएंगे, लेकिन बच्चे किसी का मुकाबला नहीं कर पाएंगे. उन्होंने कहा कि विश्वगुरु को कहना चाहते हैं कि देश का बुरा हाल है. इस पर ध्यान दें.
यूपी के मछलीशहर से सपा सांसद एडवोकेट प्रिया सरोज ने कहा कि विकास का नारा कागजों में है, जिंदगी ईएमआई के जाल में उलझी चल रही है. एआई विदेश का, चिप विदेश की, ऊर्जा विदेश की और तेल खरीदने के लिए हमें अलाऊ भी विदेश करे. यह कैसी आत्मनिर्भर सरकार है. परिवार की बचत न्यूनतम स्तर पर है. एक विदेशी राष्ट्राध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर कहा कि हमने भारत को तेल खरीदने के लिए अलाऊ कर दिया है. अलाऊ शब्द सुनकर भी सरकार की ओर से किसी ने कुछ नहीं कहा. ये सुनकर भी चुप बैठे हुए हैं. ये कैसी सॉवरेनिटी है. यह अमृतकाल नहीं, कर्जकाल है.
राज्यसभा में भोजनावकाश हो गया है. सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है. दोपहर दो बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी. राज्यसभा में प्रधानमंत्री दो बजे ईरान जंग को लेकर बयान देंगे.
बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने लोकसभा में कहा कि 'यह दूधो नहाओ, पूतो फलो' की स्थिति है. उन्होंने इसे लेकर भी प्रश्न पूछा कि देश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार की योजना क्या है.
यह भी पढ़ें: 'मुझे मेरी मां याद आ गई....', 'मुझे मेरी मां याद आ गई....', लोकसभा में क्यों बोले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र से बीजेपी के सांसद नवीन जिंदल ने फाइनेंस बिल का समर्थन किया और कहा कि हमें मिलकर चलना होगा. प्रधानमंत्री ने भी यही कहा था. बिहार के झंझारपुर से जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद रामप्रीत मंडल ने कहा कि बिहार के युवा रोजगार की तलाश में पलायन करने के लिए मजबूर हैं. मनरेगा से कुछ रोजगार मिल रहा था, उनके लिए भी आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो गई है. बिन मौसम की बारिश से फसलें भी एक झटके में नष्ट हो गई हैं. सरकार किसानों को अविलंब मुआवजा दे.
मनीष तिवारी ने फाइनेंस बिल पर चर्चा के दौरान बोलते हुए कहा कि 2013-14 में एक डॉलर की कीमत 61 रुपये थी. आज एक डॉलर 93 रुपये का मिल रहा है. आज जो सत्ता में बैठे हैं, वह कहा करते थे कि रुपया प्रधानमंत्री की उमर से भी अधिक गिर रहा है. आज पूरी विनम्रता के साथ पूछना चाहता हूं कि आज रुपया किसकी उमर से अधिक गिर रहा है. मनीष तिवारी ने यह भी कहा कि ईरान जंग का असर वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ेगा.
स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि असम के सांसद प्रद्योत बोरदोलोई ने लोकसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है. मैंने उनना त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है. इससे पहले, स्पीकर ने कहा कि कुछ सदस्यों की ओर से विभिन्न विषयों पर स्थगन प्रस्ताव के नोटिस प्राप्त हुए हैं. इनमें से किसी भी नोटिस को मंजूरी नहीं दी है.
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरी रौ में आ गए. टीएमसी सांसद सौगत रॉय के प्रश्न का जवाब देते हुए शिवराज ने दावा किया कि किसानों की आय दोगुनी हुई है. इस दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव भी उत्तेजित हो गए और स्पीकर को उन्हें टोकना पड़ा.
यह भी पढ़ें: 'हां, मैं भारत का कृषि मंत्री शिवराज...', लोकसभा में क्यों बोले शिवराज, उत्तेजित हुए धर्मेंद्र यादव
संजय सिंह ने कहा कि नई दिल्ली जहां पूरी सरकार रहती है, संसद भवन से 12 किलोमीटर दूर पालम में अग्निकांड हुआ. इसमें राजेंद्र कश्यप का पूरा परिवार खत्म हो गया. मां-बेटी को मरने के बाद भी अलग नहीं किया जा सका. लोग चीखते रहे कि हमें बचा लो, लेकिन फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां नहीं खुलीं. सेफ्टी जाल नहीं था. लोगों ने कहा कि हम गद्दे लगा देते हैं, बच्चे कूदकर जान बचा सकें. लेकिन उनको ये भी नहीं करने दिया गया. दिल्ली के मंत्री कहते हैं कि गलती तो उसी परिवार की है. दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ईरान जंग को लेकर राज्यसभा में बोलेंगे. पीएम मोदी का राज्यसभा में संबोधन दो बजे से होना है. पीएम मोदी ने एक दिन पहले इसी मुद्दे पर लोकसभा में बयान दिया था. उन्होंने अपने बयान में कहा था कि हालात खराब हैं, लेकिन घबराने की बात नहीं है. पीएम मोदी ने लोकसभा में हालात से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों के संबंध में भी सदन को जानकारी दी थी.
यह भी पढ़ें: भारत की तैयारी, विपक्ष संग एकजुटता, जमाखोरों को वॉर्निंग... ईरान जंग पर PM मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें