अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में स्थित सेंट्रल पार्क में घोड़ा गाड़ी की चपेट में आने से 18 साल के एक भारतीय युवक रोमांच महाजन की मौत हो गई. हादसे का शिकार हुए रोमांच अपने परिवार के साथ पहली बार न्यूयॉर्क घूमने गए थे. हादसे के दौरान जब उनकी मां गाड़ी से गिरने लगीं, इसी दौरान उन्हें बचाने की कोशिश में रोमांच की मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, वे भारतीय परिवार घोड़ा गाड़ी में बैठकर घूम रहा था. इसी दौरान, गाड़ी का ड्राइवर परिवार की फोटो खींचने के लिए रुका. तभी अचानक घोड़ा बेकाबू हो गया और तेज रफ्तार से दौड़ने लगा.
बेकाबू होने के बाद घोड़ा गाड़ी सड़क छोड़कर फुटपाथ पर चढ़ गई और पार्क के घास वाले हिस्से में चली गई. इस हादसे के दौरान, परिवार के सभी लोग सभी लोग बुरी तरह घबरा गए और एक-दूसरे को संभालने और बचाने की कोशिश करने लगे.
यह भी पढ़ें: 'बेताब ट्रंप ने हर तरह की पैंतरेबाजी की', अमेरिका-ईरान डील पर मोजतबा खामेनेई का पहला बयान
मां को बचाने के लिए कूदा बेटा
रोमांच के पिता दीपक महाजन ने बताया कि घोड़ा किसी चीज से डर गया था और तेज भागने लगा. गाड़ी को इस तरह भागते देख परिवार के सभी लोग डर के मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे. इसी अफरा-तफरी के बीच, रोमांच की मां प्रिया महाजन चलती गाड़ी से नीचे गिर गईं. अपनी मां को गिरता देख रोमांच उन्हें बचाने के लिए तुरंत चलती गाड़ी से नीचे कूद गया. रोमांच के पिता के अनुसार, उनका बेटा गाड़ी से सिर्फ अपनी मां की जान बचाने के लिए कूदा था.
गाड़ी से कूदने के बाद रोमांच के सिर पर बहुत गहरी चोट आई और वे मौके पर ही बेहोश होकर जमीन पर गिर गया. उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया. 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल न्यूयॉर्क-प्रेस्बिटेरियन वेल कॉर्नेल मेडिकल सेंटर में इलाज के दौरान बुधवार रात को रोमांच की मौत हो गई.
हादसे के बाद घोड़ा गाड़ी पर उठे सवाल
इस हादसे में रोमांच के माता-पिता और उनके छोटे भाई को मामूली चोटें आईं. जब घोड़ा बेकाबू होकर भाग रहा था, तब उनकी गाड़ी वहां मौजूद एक दूसरी घोड़ा गाड़ी से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी पलट गई और पूरी तरह टूट गई.
वहां मौजूद एक महिला ब्रेसलर ने इस हादसे को देखा और तुरंत 911 पर कॉल किया. उसने बताया कि रास्ते में खड़े एक आदमी ने भागते हुए घोड़े को रोकने की कोशिश भी की थी. लेकिन, गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वे पलट गई.
इस दुखद घटना के बाद, न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में चलने वाली घोड़ा-गाड़ियों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. खुद घोड़ा-गाड़ी चलाने वालों की यूनियन ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन लोकल 100 के उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर केम्प ने इस पर एक बयान जारी किया है.
उन्होंने ड्राइवर की गलती मानते हुए कहा ऐसा लगता है कि हादसे के समय ड्राइवर अपने घोड़े से कम से कम एक हाथ की दूरी पर था. ये बात बिल्कुल भी स्वीकार करने योग्य नहीं है. किसी भी ड्राइवर को फोटो खींचने के लिए अपनी गाड़ी छोड़कर नहीं जाना चाहिए. हम इस मामले की पूरी जांच का समर्थन करते हैं. उन्होने ये भी बताया कि जिस ड्राइवर की वजह से ये हादसा हुआ है, उसे गाड़ी के मालिक ने हमेशा के लिए सस्पेंड कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: ईरान को कौन देगा पैसा? MoU में '300 अरब डॉलर' का जिक्र, ट्रंप-वेंस के दावों से बढ़ा कंफ्यूजन
घोड़ा गाड़ियों को बंद करने की उठी मांग
इस दर्दनाक हादसे के बाद न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क से घोड़ा गाड़ियों को पूरी तरह हटाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. बता दें कि इस समय मैनहट्टन में 100 से ज्यादा घोड़ा-गाड़ियां चलती हैं.
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए सिटी काउंसिलमैन क्रिस्टोफर मार्टे ने कहा हम इस घटना को सिर्फ एक मामूली हादसा मानकर नहीं छोड़ सकते. काउंसिल को अब उतनी ही तेजी और गंभीरता से कड़े कदम उठाने होंगे, जितनी बड़ी ये घटना है.
पार्क की देखभाल करने वाली संस्था पार्क कंजरवेंसी ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने रखा है. आंकड़ाें के मुताबिक, मई 2025 से लेकर अब तक पार्क और उसके आसपास घोड़ों से जुड़े 8 हादसे हो चुके हैं. इनमें पिछले ही महीने का एक हादसा भी शामिल है, जब एक बेकाबू घोड़े ने दूसरी गाड़ी को टक्कर मार दी थी और वे गाड़ी पलट गई थी.