महाकुंभ के दौरान अपनी नीली-भूरी आंखों की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में आईं मोनालिसा ने अब केरल के तिरुवंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा की मांग की है. वह अपने प्रेमी फरमान के साथ थाने पहुंचीं. जानकारी के अनुसार दोनों पिछले करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के साथ संबंध में हैं और उनकी मुलाकात फेसबुक के माध्यम से हुई थी.
परिवार के तरफ से दबाव बनाने का आरोप
बताया जा रहा है कि अलग-अलग धर्म से होने की वजह से मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं. मोनालिसा का आरोप है कि परिवार की ओर से उन पर काफी दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें धमकियां भी मिल रही थीं, जिसके कारण उन्हें घर छोड़ना पड़ा.
बालिग हैं दोनों
पुलिस पूछताछ में जब उनसे यह सवाल किया गया कि वे इतनी दूर केरल क्यों आए हैं, तो दोनों ने बताया कि उन्हें लगा कि यहां वे सामाजिक और धार्मिक दबाव से दूर सुरक्षित तरीके से रह पाएंगे. पुलिस ने मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह बालिग पाई गईं. इसके बाद पुलिस ने उनके पिता को भी थाने बुलाया. कानूनी रूप से बालिग होने के कारण पुलिस ने मोनालिसा को अपने फैसले के अनुसार फरमान के साथ जाने की अनुमति दे दी. साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी सूचित किया गया ताकि इस जोड़े की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
रुद्राक्ष माला बेचने के दौरान हुई थीं वायरल
दरअसल, साल 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान मोनालिसा की तस्वीरें उस समय वायरल हो गई थीं, जब वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेच रही थीं. उस वायरल वीडियो के बाद उनकी जिंदगी अचानक बदल गई. उन्हें 'द डायरी ऑफ मणिपुर' नाम की फिल्म में काम करने का मौका मिला, लेकिन इसके साथ कई विवाद भी जुड़े रहे.
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की हैं मोनालिसा
मोनालिसा मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली हैं, जबकि उनके प्रेमी फरमान महाराष्ट्र से हैं. मोनालिसा का कहना है कि परिवार की नाराजगी और विरोध की वजह से उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर डर है, इसलिए उन्होंने पुलिस से मदद मांगी है.
वायरल होने के बाद मोनालिसा को कई इंटरव्यू और मॉडलिंग के प्रस्ताव मिलने लगे थे. बाद में उन्हें एक हिंदी फिल्म में अभिनय का मौका भी मिला. 'द डायरी ऑफ मणिपुर' नाम की इस फिल्म का निर्देशन सनोज मिश्रा कर रहे हैं. इसके अलावा वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं और मॉडलिंग, ब्रांड प्रमोशन तथा मनोरंजन से जुड़े अलग-अलग प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं.