जंतर-मंतर से शुरू हुआ आंदोलन अब कई राज्यों तक पहुंच गया है (Photo: PTI) देश में शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा घोटालों को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब दिल्ली से निकलकर पूरे देश में फैल गया है. जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह प्रदर्शन अब देश के कई राज्यों में फैल चुका है. छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों के साथ अब कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल भी इसमें शामिल हो गए हैं. संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ, जिसमें राहुल गांधी को भी हिरासत में लिया गया. इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल और गरम हो गया है.
बुधवार को कांग्रेस समेत विपक्षी दल संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन करने वाले हैं. मकर द्वार के बाहर प्रदर्शन का आयोजन किया जाना है. बताया जा रहा है कि सभी सांसद काले कपड़े पहनकर आएंगे.
बता दें कि आंदोलन की शुरुआत जंतर-मंतर से हुई थी, लेकिन बीते कुछ दिनों में इसका दायरा कई राज्यों तक पहुंच गया. सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने की कोशिश की. पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया, जिसके बाद कई जगह धक्का-मुक्की और लाठीचार्ज हुआ. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया. सोशल मीडिया पर घायल छात्रों की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, जिससे देशभर में बहस छिड़ गई.
इसके बाद कांग्रेस ने सरकार पर विरोध को दबाने का आरोप लगाया. राहुल गांधी समेत पार्टी के कई बड़े नेता प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतरे. दिल्ली में विरोध के दौरान राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लिया, जिसके बाद कांग्रेस ने इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया. सरकार ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है.
संसद के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा गूंजा. विपक्ष ने शिक्षा व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को घेरा, जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष पर छात्रों को मोहरा बनाने का आरोप लगाया. दिल्ली के बाहर भी प्रदर्शन तेज हुए. अहमदाबाद में करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन अब भी जारी है और आयोजकों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन न रोकने की बात कही है.
संसद की कार्यवाही से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई. बैठक में संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई.

कांग्रेस के प्रदर्शन पर BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. प्रसाद ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम कर रही है और राहुल गांधी को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए.
दिल्ली हाईकोर्ट आज उस जनहित याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर अनशन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई को चुनौती दी गई है. याचिका में स्वतंत्र जांच, सबूत सुरक्षित रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है.
नीट परीक्षा में धांधली और देश भर में हो रहे पेपर लीक के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है. बताया जा रहा है कि आज कांग्रेस से सभी सांसद काले कपड़े पहनकार संसद भवन पहुंचेंगे और अपने विरोध दर्ज कराएंगे. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - आज सभी सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंच रहे संसद
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल में देर रात सोनम वांगचुक से करीब एक घंटे तक मुलाकात की. बैठक में सरकार ने संसद में चर्चा और शिक्षा सुधारों पर अपने रुख की जानकारी दी. वहीं, सूत्रों का यह भी दावा है कि राहुल गांधी से बातचीत के दौरान सरकार की ओर से संसद में चर्चा के लिए सहमति की बात कही गई थी.
इनपुट: पीयूष मिश्रा
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गई हैं. इनमें सबसे अधिक चार FIR संसद मार्ग थाने में दर्ज हुई हैं. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में केस दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है.
इनपुट: अरविंद ओझा
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि अब पूरा देश इस मुद्दे पर ध्यान दे रहा है. उन्होंने कहा कि DMK ने शुरू से NEET का विरोध किया है और सभी समस्याओं का स्थायी समाधान केवल NEET को समाप्त करना है.
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि 20 जुलाई का प्रदर्शन केवल ‘ट्रेलर’ था और मांगें नहीं मानी गईं तो लाखों युवा दिल्ली आएंगे. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रहेगा. रंका ने यह भी कहा कि संगठन UAPA या NSA के तहत गिरफ्तारी से भी नहीं डरता.
विपक्षी सांसद बुधवार सुबह संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे. प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी. विपक्ष NEET-UG में कथित अनियमितताओं और 20 जुलाई को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध करेगा.
इनपुट: ANI
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल की कथित अनदेखी के विरोध में बीजेपी आज दोपहर 12 बजे के बाद देशभर में कांग्रेस दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेगी.
इनपुट: पीयूष मिश्रा
दिल्ली में जंतर-मंतर पर कल के मुकाबले बुधवार सुबह ज्यादा भीड़ देखने को मिली. बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर जुटे हुए हैं. ग्राउंड से सुबह से आई ये तस्वीरें साफ बयां कर रही हैं.


इनपुट: सुशांत सिन्हा
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा कि छात्रों का समर्थन करना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग जरूरी है, लेकिन शांतिपूर्ण आंदोलन को देशविरोधी तत्वों के हाथों में नहीं जाने देना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और विभाजन चिंता का विषय है.
मंगलवार देर शाम की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. जिसमें कॉकरोच पार्टी के आंदोलन का समर्थन करने आए भीड़ में कुछ उपद्रवी शामिल हो गए और उन्होंने एक जवान पर हमला कर दिया. उपद्रवियों के हमले से जवान ज़मीन पर गिर जाता है और जमकर नारेबाजी होती है.

इनपुट: अरविंद ओझा
कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी कर रही है. पीएम आवास के बाहर धरना नियमों के खिलाफ है.
आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सदन का कामकाज स्थगित कर NEET-UG पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की विफलता, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और सोनम वांगचुक की सेहत पर चर्चा कराने की मांग की है.

कॉकरोच पार्टी के समर्थन में मंगलवार को देश के कई राज्यों में प्रदर्शन हुए. हैदराबाद, मुंबई, प्रयागराज से लेकर देश के विभिन्न राज्यों से तस्वीरें आई हैं. राजनीतिक पार्टियों की ओर से भी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे.




शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ चल रहे छात्रों के आंदोलन में शामिल होने मंगलवार रात को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे. उन्होंने छात्रों के हौसले की सराहना की, युवा शक्ति को नमन किया और CJP प्रमुख अभिजीत दिकपे की भी तारीफ की. ठाकरे के समर्थन से आंदोलन को विपक्ष का एक और बड़ा साथ मिला.

क्या मेटा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े WhatsApp अकाउंट्स को ब्लॉक कर रहा है? ये सवाल कॉकरोच पार्टी ने मेटा से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूछा है.
राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई सांसद मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए धरने पर बैठ गए थे. कांग्रेस ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की निंदा की. धरना जारी रहने के बीच दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया और फिर उन्हें छत्रसाल स्टेडियम लेकर चली गई. इससे पहले राहुल गांधी ने अस्पताल जाकर पुलिस कार्रवाई में घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात भी की.
