जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है. खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी जाकिर गनई मारा गया. मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं. फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.
चिनार कोर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शोपियां के चनापोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने मिलकर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया. तलाशी के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से मुठभेड़ हुई.
लश्कर का आतंकी जाकिर गनई ढेर
मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब सुरक्षाबलों ने घटना वाली जगह की तलाशी ली, तो वहां मारे गए आतंकी जाकिर गनई की लाश मिली. इसके साथ ही उसके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद समेत युद्ध में इस्तेमाल होने वाला दूसरा संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया है. हालांकि आतंकी को ढेर कर दिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षाबलों ने अभी भी पूरे इलाके में अपना सर्च ऑपरेशन जारी रखा है, ताकि यह साफ हो सके कि वहां कोई और संदिग्ध तो नहीं छिपा है.