scorecardresearch
 

केरल में मॉनसूनी दस्तक, देशभर में तेज़ हुआ बारिश का दौर, जानें 10 जून तक का मौसम

पूर्वोत्तर भारत में अगले कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. वहीं दक्षिण, पश्चिम और उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं.

Advertisement
X
पश्चिम भारत में भी झमाझम बारिश के आसार (PTI Photo/Salman Ali)
पश्चिम भारत में भी झमाझम बारिश के आसार (PTI Photo/Salman Ali)

देश के कई हिस्सों में प्री मॉनसूनी और मॉनसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 5 से 10 जून के बीच पूर्वोत्तर भारत, दक्षिणी प्रायद्वीपीय राज्यों, पश्चिमी तट और हिमालयी क्षेत्रों में व्यापक बारिश होने की संभावना है. कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

पूर्वोत्तर में सबसे ज्यादा असर

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 10 जून तक खूब बारिश, गरज-चमक और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. असम-मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

दक्षिण भारत में बारिश का जोर

केरल में मॉनसूनी दस्तक के बाद केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कई इलाकों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

पूर्वी भारत में भी सक्रिय रहेगा मौसम

ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 10 जून तक भारी बारिश जारी रह सकती है.

Advertisement

उत्तर-पश्चिम भारत में राहत की बारिश

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में व्यापक बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है. उत्तराखंड में 4 और 5 जून को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.

मध्य भारत में आंधी-तूफान का खतरा

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश के अलावा 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले तूफान की चेतावनी जारी की गई है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है.

पश्चिमी भारत में मॉनसूनी माहौल

कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. कोंकण-गोवा में 10 जून तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि मध्य महाराष्ट्र में भी कई दिनों तक भारी बारिश हो सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement