उत्तर भारत समेत देश के अधिकतर राज्यों में भीषण गर्मी एवं लू का सितम जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने फिलहाल राहत नहीं मिलने की चेतावनी दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार, 22 अप्रैल को कहा कि अगले चार-पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में हीटवेव (लू) की स्थिति बनी रहेगी. कुछ जगहों पर दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रह सकता है. IMD के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में 24 और 25 अप्रैल को तेज लू चलने की संभावना है.
Heat Wave alert: किन राज्यों में लू का अलर्ट?
इसके अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात के कुछ तटीय क्षेत्रों में गर्म और नम हवा चलेगी. इससे लोगों को बहुत दिक्कत होगी. हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, कोंकण और गोवा में रातें भी असामान्य रूप से गर्म रहने वाली हैं.
दिल्ली में गर्मी का तांडव! 43 डिग्री पारा... मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी
दक्षिण बंगाल में 23 अप्रैल को भी लू का अलर्ट
IMD ने दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में 25 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी दी है. पश्चिम बर्दवान के पानागढ़ में बुधवार को दिन का तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया. वहीं, बांकुड़ा में 43.2, आसनसोल में 42.5 और पुरुलिया में 42.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. कोलकाता में दिन का तापमान 35.6 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण बंगाल के पश्चिमी हिस्सों में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा और पूर्वी व तटीय इलाकों में 2-3 डिग्री ज्यादा रह सकता है. सुबह-शाम नमी ज्यादा रहने से मौसम बहुत उमस भरा रहेगा.
लू क्या होती है?
जब तापमान लगातार दो दिन या उससे ज्यादा समय तक 40 डिग्री या उससे ऊपर रहता है और सामान्य से काफी ज्यादा होता है तो इस स्थिति को लू कहते हैं. IMD के मुताबिक, अगर यह स्थिति कुछ दिनों तक बनी रही तो आधिकारिक रूप से हीटवेव घोषित कर दिया जाता है. ऐसे में दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर कम निकलने की सलाह दी जाती है. हीटवेव से बचने के लिए ज्यादा पानी पिएं, नारियल पानी, छाछ और नींबू पानी का सेवन फायदेमंद होता है.
उत्तर बंगाल में बारिश और आंधी की संभावना
दक्षिण बंगाल में गर्मी के साथ-साथ उत्तर बंगाल (दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी आदि) में 28 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की उम्मीद है.
पूर्वी और उत्तर-पूर्व भारत में बारिश की उम्मीद
IMD ने बताया कि इस सप्ताह उत्तर-पूर्व भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. कई दिनों तक उत्तर-पूर्व भारत में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.