
असम के गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में सोमवार को गोलीबारी में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में महिलाओं समेत कई अन्य लोगों के घायल होने की खबर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह गोलीबारी एक होटल के अंदर की गई.
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थसारथी महंता ने कहा, 'रात करीब 9 बजे गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में होटल बिलास इन में गोलीबारी की एक दुखद घटना हुई. छह लोगों को गोली लगी, जिनमें से पांच की मौत हो गई. एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है और आरोपी को पकड़ लिया गया है. घटना में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया गया है.
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि रात करीब 9 बजे बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में गोलीबारी की घटना हुई. इसमें छह लोगों को गोली लगी थी, जिनमें से पांच की मौत हो गई. एक घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है. घटना के बाद मौके पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी पहुंची. घटनास्थल पर जांच के बाद एफएसएल टीम और एंबुलेंस वहां से रवाना हुईं.

मरने वालों में भाई-बहन, बेटा और बहू शामिल
गोलीबारी में जान गंवाने वाले पांच लोगों की पहचान हेलेना भराली, भूदेव भराली, देबोर्श्री भराली, रिनिका भराली और नारायण दास के रूप में हुई है.
हेलेना भराली और भूदेव भराली भाई-बहन थे. देबोर्श्री भराली, भूदेव के बेटे थे, जबकि रिनिका भराली उनकी बहू थीं. इस तरह मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. पांचवें मृतक नारायण दास भराली परिवार के साथ काम करते थे. पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, वह भी इसी परिवार के गांव के रहने वाले थे. गोलीबारी में घायल व्यक्ति भी उसी गांव का निवासी है.
होटल की लीज को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस कमिश्नर डॉ. पार्थ सारथी महंत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में होटल की लीज से जुड़े संपत्ति विवाद की बात सामने आई है.
उन्होंने कहा कि होटल के मालिक पक्ष और होटल को लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था. गिरफ्तार आरोपी घनकांत गोगोई ने होटल लीज पर लिया हुआ था.
पुलिस को शक है कि इसी विवाद के कारण गोलीबारी की घटना हुई. हालांकि, इसकी वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

एक घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गोलीबारी के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी घनकांत गोगोई को एक घंटे के भीतर पकड़ लिया.
उन्होंने कहा, 'यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हुई है. आरोपी को घटना के एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है.'
महंत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है. मामले की वैज्ञानिक और विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और आगे जानकारी मिलने पर उसे साझा किया जाएगा.

गौरव गोगोई ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
गुवाहाटी में हुई इस घटना पर कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने दुख जताते हुए असम सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'गुवाहाटी के उलुबारी स्थित होटल बिलास इन में हुई गोलीबारी की दुखद घटना से बेहद दुखी हूं, जिसमें पांच लोगों की जान जाने की खबर है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.'
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना गुवाहाटी में सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है. गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री होने के नाते उन्हें जिम्मेदारी लेनी चाहिए और बढ़ते अपराधों पर अधिक ध्यान देना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से घटना की विस्तृत जांच कराने, दोषियों को न्याय के दायरे में लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपी से पूछताछ के साथ गोलीबारी की परिस्थितियों और होटल की लीज से जुड़े विवाद की जांच की जा रही है.

गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थसारथी महंता ने कहा, 'रात करीब 9 बजे गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके में होटल बिलास इन में गोलीबारी की एक दुखद घटना हुई. छह लोगों को गोली लगी, जिनमें से पांच की मौत हो गई. एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है और आरोपी को पकड़ लिया गया है. घटना में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया गया है. पूछताछ चल रही है और शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना होटल बिलास इन के लीज एग्रीमेंट से जुड़े प्रॉपर्टी विवाद की वजह से हुई.'
(Input: Hrijoy)