हैदराबाद के रायदुर्गम इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रंड और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया. घटना शुक्रवार तड़के करीब चार बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
ब्रेकअप के बाद धमकियां
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 22 साल के के. गोवर्धन के रूप में हुई है. वह कथित तौर पर रायदुर्गम स्थित एंडला बस्ती में रहने वाली 20 साल की युवती का एक्स बॉयफ्रेंड था. दोनों की पहचान एक ही इलाके में रहने के दौरान हुई थी और फिर प्यार हो गया. हालांकि करीब एक साल पहले दोनों का रिश्ता खत्म हो गया था. जांच में सामने आया है कि रिश्ता खत्म होने के बाद भी गोवर्धन लड़की का पीछा करता था और उसे और उसके परिवार को धमकियां देता था. युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा था और कई बार डराने-धमकाने की कोशिश भी कर चुका था.
बगल की बिल्डिंग से घुसा घर में
वारदात वाली रात आरोपी पड़ोसी की बिल्डिंग के रास्ते दूसरी मंजिल तक पहुंचा और कॉरिडोर से फ्लैट में घुस गया. घर में घुसते ही उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया. युवती की चीख सुनकर उसके माता-पिता, बड़ी बहन और मामा उसे बचाने के लिए आगे आए, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया.
हमले के दौरान परिवार के परिवार के लोगों के हाथ में चोटें आईं, क्योंकि वे चाकू के वार से बेटी को बचाने की कोशिश कर रहे थे. लड़की की मां के चेहरे पर गंभीर चोट लगी और उनका एक दांत भी टूट गया. परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची रायदुर्गम पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
ऑनलाइन खरीदा था चाकू
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू कुछ दिन पहले ऑनलाइन खरीदा था. पुलिस अब चाकू खरीदने की वजह और हमले की पूरी साजिश की जांच कर रही है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस स्टॉकिंग, धमकी और उत्पीड़न के आरोपों की भी जांच कर रही है. फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है.