कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार अपने गृह क्षेत्र कनकपुरा में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान हुई एक घटना को लेकर विवादों में आ गए हैं. भाजपा ने उन पर समर्थकों के प्रति असम्मानजनक व्यवहार का आरोप लगाते हुए तीखी आलोचना की है. जानकारी के अनुसार, रविवार को कनकपुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया था. इस दौरान उन्हें सेबों से बनी एक विशाल माला पहनाई गई, जिसे क्रेन की मदद से उठाया गया था.
बताया गया है कि सम्मान समारोह के बाद शिवकुमार ने दो सेबों को काटकर खाया और फिर उन्हें एक-एक कर कार्यक्रम में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर फेंक दिया. इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए.
'ये कांग्रेस की मानसिकता है': BJP
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला. भाजपा ने 'X' पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि जिन लोगों के वोट से सत्ता मिलती है, उन्हीं लोगों की ओर आधा खाया हुआ सेब फेंकना मजाक नहीं, बल्कि कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है.
भाजपा ने आगे कहा कि सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि व्यवहार से दिखाई देता है. पार्टी के अनुसार, जनता किसी दान की नहीं बल्कि सम्मान की अपेक्षा करती है और जब सम्मान की जगह अहंकार ले लेता है तो जनता भी उसका जवाब देती है. इस मामले पर खबर लिखे जाने तक कांग्रेस, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार या उनके कार्यालय की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी.