scorecardresearch
 

चार्जशीट में ED आज AAP को भी बनाएगी आरोपी, केजरीवाल की अंतरिम जमानत की राह में नई मुश्किल

ED अपनी चार्जशीट में दिल्ली के सीएम केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी को भी आरोपी बनाएगी. इतिहास में पहली बार भ्रष्टाचार के किसी मामले में किसी एजेंसी द्वारा दायर चार्जशीट में किसी राष्ट्रीय पार्टी को आरोपी बनाया जाएगा.

Advertisement
X
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल. (फाइल फोटो)
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल. (फाइल फोटो)

दिल्ली के शराब घोटाले में आज बड़ा दिन है. प्रवर्तन निदेशालय आज ट्रायल कोर्ट में आबकारी नीति मामले में अपनी चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है. ईडी की चार्जशीट को लेकर नया खुलासा हुआ है. सूत्रों का कहना है कि इस चार्जशीट में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को मुख्य साजिशकर्ता बताया है. इसके साथ ही AAP को भी आरोपी बनाया गया है. वहीं, केजरीवाल की अंतरिम जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने जा रही है. जबकि दूसरी आरोपी के कविता की जमानत पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी.

जानकारी के मुताबिक, ED अपनी चार्जशीट में दिल्ली के सीएम केजरीवाल के अलावा आम आदमी पार्टी को भी आरोपी बनाएगी. इतिहास में पहली बार भ्रष्टाचार के किसी मामले में किसी एजेंसी द्वारा दायर चार्जशीट में किसी राष्ट्रीय पार्टी को आरोपी बनाया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद ईडी ट्रायल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी. अगर सुनवाई दिनभर चलती रही तो फिर चार्जशीट शनिवार को दाखिल कर दी जाएगी.

के कविता का भी चार्जशीट में हो सकता है नाम

माना जा रहा है कि केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. ईडी की चार्जशीट में केजरीवाल के अलावा बीआरएस नेता के कविता और कुछ अन्य लोगों का नाम शामिल हो सकते हैं. जांच एजेंसी ने 21 मार्च को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत केजरीवाल को उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया था. जबकि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की एमएलसी बेटी कविता को 15 मार्च को हैदराबाद से हिरासत में लिया था. 6 मई को ट्रायल कोर्ट ने के कविता की जमानत अर्जी नामंजूर कर दी थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: '3 साल में 123 चुनाव, कोई नेता अरेस्ट ही नहीं हो पाएगा...' केजरीवाल पर ED के 10 तर्क, आज 'सुप्रीम' फैसले का दिन

चार्जशीट में AAP को भी बनाया आरोपी

सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं, उनसे जुड़े कुछ लोगों और कंपनियों समेत आधा दर्जन संस्थाओं के खिलाफ चार्जशीट तैयार की गई है. एजेंसी इसे पीएमएलए अदालत में दायर करेगी. सूत्रों ने कहा कि आरोपियों पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लगाए जाएंगे. एजेंसी 2022 में दर्ज किए गए मामले में कुछ नई संपत्तियों की कुर्की के साथ इस चार्जशीट में आम आदमी पार्टी (AAP) को भी आरोपी बनाया है.

ईडी ने अब तक 18 आरोपियों को किया है गिरफ्तार

इस मामले में ईडी की यह सातवीं चार्जशीट होगी. ईडी ने केजरीवाल की पार्टी के सहयोगी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह समेत अब तक 18 लोगों को गिरफ्तार किया है. कुछ समय पहले संजय सिंह को जमानत मिल गई थी.

ईडी के सूत्रों ने कहा कि एजेंसी केजरीवाल पर अपनी जांच में सहयोग नहीं करने और AAP द्वारा किए गए अपराध के लिए परोक्ष रूप से उत्तरदायी होने, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक होने और उनकी भूमिका और रोजमर्रा के मामलों में AAP के कामकाज में सक्रिय भागीदारी के आरोप लगा सकती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'चुनाव प्रचार करना मौलिक अधिकार नहीं...', ED ने किया सीएम केजरीवाल की जमानत अर्जी का विरोध

केजरीवाल को बताया है घोटाले का किंगपिन

जांच एजेंसी अदालत में केजरीवाल के खिलाफ लगाए गए अपने पहले के आरोपों को भी दोहरा सकती है कि AAP के राष्ट्रीय संयोजक और इसकी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में केजरीवाल चुनाव खर्चों में इस्तेमाल किए जा रहे धन के लिए जिम्मेदार हैं. केजरीवाल को ईडी ने दिल्ली सरकार के मंत्रियों, AAP नेताओं और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से किए गए एक्साइज पॉलिसी घोटाले का किंगपिन और मुख्य साजिशकर्ता बताया है.

ईडी ने यह भी आरोप लगाया है कि साउथ ग्रुप द्वारा दिए गए 100 करोड़ रुपये में से 45 करोड़ रुपये का इस्तेमाल AAP द्वारा 2022 में गोवा विधानसभा चुनाव अभियान में किया गया था. साउथ ग्रुप शराब लॉबी में कथित तौर पर के कविता, टीडीपी ओंगोल सीट से लोकसभा उम्मीदवार मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी, उनके बेटे राघव रेड्डी और अन्य शामिल हैं.

इससे पहले गुरुवार को ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में अपना हलफनामा दायर किया और केजरीवाल की अंतरिम जमानत का विरोध किया. ईडी ने कहा, अगर केजरीवाल को जमानत दी गई तो इससे गलत परंपरा शुरू हो जाएगी. जबकि अभी जेल से चुनाव लड़ने वाले नेताओं को भी जमानत की अनुमति नहीं दी जाती है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: केजरीवाल की नई मुसीबत, ED दाखिल करेगी चार्जशीट, शराब घोटाले के किंगपिन के तौर पर दर्ज करेगी नाम

ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में क्या कहा?

ईडी ने शराब नीति और इससे जुड़े धन शोधन घोटाले में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है. केजरीवाल की अंतरिम जमानत के सिलसिले में दाखिल हलफनामे में ईडी ने कहा, चुनाव के लिए प्रचार करने का अधिकार ना तो मौलिक अधिकार है, ना ही संवैधानिक अधिकार और ना ही कानूनी अधिकार. किसी भी राजनेता को चुनाव लड़ने के लिए अंतरिम जमानत नहीं दी गई है. भले ही वो चुनाव लड़ने वाला उम्मीदवार क्यों ना हो. ऐसा आदेश देने से भविष्य के लिए एक नजीर कायम हो जाएगी. 

---- समाप्त ----

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement