आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में इन दिनों चक्रवात अर्नब का कहर जारी है. काकीनाडा तट से लापता हुआ कार्गो जहाज अब राजोले के पास अंतर्वेदी तटीय क्षेत्र की तरफ बहता हुआ आ रहा है. मरीन पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या ये वाकई में वही लापता जहाज है, जिसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी.
जानकारी के मुताबिक, ये कार्गो जहाज विशाखापट्टनम से सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था. रास्ते में तकनीकी खराबी यानी इंजन फेल होने के कारण ये जहाज समुद्र में बेकाबू होकर बहने लगा था.
बताया जा रहा है कि ये वही जहाज है जो काकीनाडा तट के पास केजी बेसिन में रवा तेल क्षेत्र के पास बहता हुआ पाया गया था.
मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाला 'सिग्मा पर्ल' जहाज
इस जहाज की पहचान मार्शल आइलैंड्स से जुड़े 'सिग्मा पर्ल' के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पता चला है कि इस जहाज ने विशाखापट्टनम बंदरगाह पर अपना माल खाली किया था और उसके बाद अपनी अगली यात्रा के दौरान ये इस हादसे का शिकार हो गया.
फिलहाल, मरीन पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि अंतर्वेदी तट की तरफ बहकर आ रहा ये जहाज वही है जो काकीनाडा के पास लापता बताया गया था. जहाज की सटीक पहचान, उसकी मौजूदा स्थिति, उस पर सवार क्रू की सुरक्षा और उसे किसी सुरक्षित जगह पर लाने के लिए किए जा रहे उपायों को लेकर अभी पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है.