scorecardresearch
 

'जंतर-मंतर तो बस एक ट्रेलर है, पूरे देश में आंदोलन करेंगे', कॉकरोच जनता पार्टी का सरकार को अल्टीमेटम

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर प्रदर्शन में 6 से 7 हजार लोग शामिल हुए और अब आंदोलन को देशभर में फैलाया जाएगा. सीजेपी ने सरकार को एक सप्ताह का समय दिया है. संगठन परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही की मांग कर रहा है.

Advertisement
X
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र अपने घर पहुंचे हैं. Photo PTI
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र अपने घर पहुंचे हैं. Photo PTI

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शुरू किया गया उनका आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते. उन्होंने दावा किया कि जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन सफल रहा और अब इस आंदोलन को देशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा. अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर मंतर पर किया गया प्रोटेस्ट ट्रेलर है. इस्तीफा नहीं हुआ तो पूरे देश में प्रोटेस्ट करेंगे.

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने आवास पहुंचने के बाद पत्रकारों से बातचीत में दीपके ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में छह से सात हजार लोगों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों को मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि यह आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ेगा.

दीपके ने कहा, 'हम तब तक पीछे नहीं हटेंगे, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते. आने वाले दिनों में आंदोलन को पूरे देश में फैलाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना घोषित की जाएगी.'

शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभ्यर्थी जुटे थे. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ नारे लगाए. कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच मुखौटे पहनकर भी पहुंचे थे.

Advertisement

प्रदर्शन के बाद सीजेपी के प्रवक्ताओं ने केंद्र सरकार को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा था कि यदि इस अवधि में धर्मेंद्र प्रधान को नहीं हटाया गया या उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया, तो देशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा.

अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे थे. दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने समर्थकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आंदोलन चलाने की अपील भी की.

सीजेपी हाल के महीनों में नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं समेत विभिन्न भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जवाबदेही की मांग को लेकर सक्रिय रहा है.

इस बीच, दीपके के छत्रपति संभाजीनगर स्थित आवास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. स्थानीय पुलिस के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement