
बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है (Photo: ITG) बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर आज यानी 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चला. मतगणना 3 अगस्त को होगी.
बिहार की बांकीपुर सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है. यहां त्रिकोणीय मुकाबला है. मैदान में जनसुराज के प्रशांत किशोर, बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा और आरजेडी की रेखा गुप्ता हैं.
मध्य प्रदेश की दतिया सीट मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है. पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने बताया कि सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी. संदिग्ध लोगों पर पुलिस की खास नजर रहेगी.
गौरतलब है कि 2023 में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से ज्यादा वोटों से हराया था. लेकिन इस साल अप्रैल में दिल्ली की एक अदालत ने धोखाधड़ी के मामले में भारती को तीन साल की सजा सुनाई, जिससे उनकी सदस्यता चली गई और यह सीट खाली हुई.
गुजरात की मांजलपुर सीट वडोदरा जिले में आती है. यहां बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है. यह सीट पाटीदार बहुल मानी जाती है, इसलिए बीजेपी ने एक पाटीदार नेता को उम्मीदवार बनाया है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी बीजेपी के इस गढ़ में सेंध लगाने की कोशिश में हैं. कांग्रेस ने एक अनुभवी नेता को उतारा है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है.

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कुल 71.44 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. विधानसभा क्षेत्र के 2,20,410 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. इनमें 1,16,116 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया, जो 74.09 फीसदी रहा, जबकि 1,04,284 महिला मतदाताओं ने वोट डाले, जिनका मतदान प्रतिशत 68.48 फीसदी दर्ज किया गया.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शाम 6 बजे मतदान समाप्त हो गया है, चुनाव आयोग जल्द ही मतदान के अंतिम आंकड़े जारी करेगा. मतदान खत्म होने के बाद EVM को स्ट्रांग रूम में ले जाने की तैयारी की जा रही है. पटना के एएन कॉलेज को स्ट्रांग रूम बनाया गया है. यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. (इनपुट: शशि भूषण कुमार)
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शाम 5 बजे तक 33.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया.
भारत निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दतिया विधानसभा उपचुनाव में 3 बजे तक 61.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में 3 बजे तक 27.82 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. (इनपुट: शशि भूषण कुमार)
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान बूथ संख्या 143 पर EVM बदले जाने की सूचना सामने आई. जन सुराज प्रमुख और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण EVM बदली जा रही है और पहले पड़े 53 वोट दर्ज कर लिए गए हैं. उन्होंने मतदाताओं से शांतिपूर्वक मतदान करने की अपील की.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक 50 प्रतिशत मतदान हो चुका है. इससे पहले मतदान से पहले बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 'ये कांग्रेस की हताशा और निराशा को दिखाता है. इस तरह की सभी खबरें भ्रामक हैं. कांग्रेस लंबे समय से दतिया में साजिश और गलत जानकारी फैलाने की राजनीति कर रही है. भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीत रही है.'
विधानसभा उपचुनाव के तहत सुबह 11 बजे तक गुजरात की मांजलपुर सीट पर 17.53%, बिहार की बांकीपुर सीट पर 11.50% और दतिया में 34 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. तीनों सीटों पर मतदान जारी है.
इनपुट: शशि भूषण कुमार
दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान से पहले बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस की हताशा और निराशा को दिखाता है. इस तरह की सभी खबरें भ्रामक हैं. कांग्रेस लंबे समय से दतिया में साजिश और गलत जानकारी फैलाने की राजनीति कर रही है. भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीत रही है.”
बिहार के मंत्री अशोक चौधरी ने पत्नी नीता चौधरी के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने कहा कि वे अपनी विचारधारा को मजबूती देने के लिए वोट डाल रहे हैं और बांकीपुर में कोई मुकाबला नहीं है.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने मतदान किया और एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा किया. रामकृपाल यादव ने कहा, “हमने अपना वोट डाल दिया है. एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के लिए कमल के निशान वाला बटन दबाया है. हर कोई कमल के निशान पर वोट दे रहा है. कमल माता लक्ष्मी का प्रतीक है और सभी कमल को अपनाना चाहते हैं.”
दतिया विधानसभा उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक कुल 16.33% मतदान दर्ज किया गया है.
इनपुट: अशोक कुमार
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 4.61 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है. मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंच रहे हैं और वोट डालने की प्रक्रिया जारी है. शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बीच जन सुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बीजेपी के पत्र पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “फर्जी मतदान रोकने के लिए EPIC कार्ड की सख्ती से जांच कराने की मांग कर बीजेपी ने लंबे समय बाद एक अच्छा काम किया है. हम इस कदम का स्वागत करते हैं.” उपचुनाव में अपनी जीत को लेकर प्रशांत किशोर ने पूरा भरोसा जताते हुए कहा, “हम 200 प्रतिशत चुनाव जीत रहे हैं.”
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बीजेपी नेता गुरु प्रकाश ने पार्टी की जीत का भरोसा जताया है. उन्होंने कहा, “बांकीपुर सिर्फ एक विधानसभा सीट नहीं, बल्कि हमारे लिए एक संकल्प है. यह विकास, निरंतरता, सुरक्षा और समृद्धि का प्रतीक है. बीजेपी का यहां के हर मतदाता और हर परिवार से वर्षों पुराना रिश्ता है, जो सुख-दुख की साझेदारी से बना है.”
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जेडीयू नेता राजीव रंजन ने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और एनडीए के पक्ष में माहौल है. उन्होंने कहा, “बिहार में हाल ही में एनडीए ने 200 से ज्यादा सीटें जीती थीं. इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व नितिन नवीन कर चुके हैं और लोगों के बीच हुए व्यापक जनसंपर्क से साफ है कि जनता एनडीए के साथ है. इसलिए बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत तय है.”
गुजरात के वडोदरा में मांजलपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी नेता जय प्रकाश सोनी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला और लोगों से भी लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने पार्टी की जीत का दावा किया है. विवेक ठाकुर ने कहा, “बांकीपुर में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. लोगों में काफी उत्साह है. कल संसद में बिल पास होने के बाद देशभर का युवा एक बार फिर उसी तरह बीजेपी के साथ खड़ा है, जैसे पहले भी रहा है.”
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच बीजेपी के वरिष्ठ नेता सीपी ठाकुर ने मतदान के बाद जीत का भरोसा जताया. सीपी ठाकुर ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारी पार्टी चुनाव जीतेगी. हमारा पूरा परिवार वोट डालने आया है.”
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के बीच बीजेपी ने रिटर्निंग ऑफिसर को पत्र लिखकर मतदान प्रक्रिया में सख्ती बरतने की मांग की है. बीजेपी का आरोप है कि जन सुराज के कार्यकर्ता फर्जी मतदान कराने की कोशिश कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज सुबह से मतदान जारी है. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए कुल 291 मतदान केंद्र बनाए हैं. इस उपचुनाव में 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. शांतिपूर्ण मतदान के लिए 1,422 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है.
इनपुट: रवीश पाल सिंह
बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं. मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
बांकीपुर सीट पर पर करीब 3.80 लाख मतदाता 26 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव मैदान में हैं. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी.
इनपुट: ANI
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामित मतदान केंद्र पर मॉक पोल कराया गया. मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम और पूरी मतदान प्रक्रिया की जांच के लिए यह मॉक पोल किया गया, ताकि वोटिंग शांतिपूर्ण और सुचारु तरीके से संपन्न हो सके. ये तस्वीरें सुबह सात बजे के पहले की हैं.
गुजरात के वडोदरा की मांजलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नामित मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग की प्रक्रिया जारी है. मतदान शुरू होने से पहले मतदान मशीनों और पूरी चुनाव प्रक्रिया की जांच के लिए यह मॉक पोलिंग कराई गई, ताकि वोटिंग सुचारु रूप से हो सके. ये तस्वीरें सुबह सात बजे के पहले की हैं.