scorecardresearch
 

खेलते हुए बच्चों को मिला नरकंकाल, मचा हड़कंप, पुलिस ने इलाके को घेरकर शुरू की जांच

महाराष्ट्र के वसई स्थित आनंद नगर इलाके में खाली पड़ी जमीन पर मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया. क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले खोपड़ी और फिर हड्डियां देखीं, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मौके पर चिल्लर पैसे भी मिले हैं. तीन महीने में दूसरी बार मानव कंकाल मिलने से स्थानीय लोग दहशत में हैं.

Advertisement
X
वसई में मिली नरकंकाल (Photo: itg)
वसई में मिली नरकंकाल (Photo: itg)

महाराष्ट्र के वसई इलाके में मानव कंकाल मिलने की घटना से सनसनी फैल गई है. वसई के आनंद नगर स्थित रमा बाई चॉल के पीछे खाली पड़ी जमीन पर रविवार शाम एक मानव कंकाल बरामद हुआ. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं.

क्रिकेट खेलते बच्चों को मिला नरकंकाल

जानकारी के अनुसार, जिस जगह कंकाल मिला वहां पिछले तीन दिनों से आग लगी हुई थी. रविवार होने की वजह से आसपास के कुछ बच्चे खाली मैदान में क्रिकेट खेलने पहुंचे थे. खेल के दौरान बच्चों की नजर वहां पड़े मानव कंकाल पर पड़ी. पास जाकर देखने पर बच्चों ने मानव खोपड़ी और कई हड्डियां बिखरी हुई हालत में देखीं. यह दृश्य देखकर बच्चे घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.

कंकाल के पास पड़े थे चिल्लर 

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना माणिकपुर पुलिस को दी. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और आसपास से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लिया. कंकाल के पास कुछ चिल्लर पैसे भी बरामद हुए हैं, जिससे मामले को लेकर रहस्य और गहरा गया है.

Advertisement

हाल में पानी टंकी से मिला नरकंकाल

गौरतलब है कि करीब तीन महीने पहले भी आनंद नगर इलाके की एक इमारत की पानी की टंकी से मानव कंकाल बरामद हुआ था. अब उसी क्षेत्र में दोबारा कंकाल मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोग इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कंकाल कितने समय पुराना है और यह किसी अपराध से जुड़ा मामला है या नहीं. जांच के लिए कंकाल को फॉरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई साफ हो सकेगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement