टीवी इंडस्ट्री के फेमस कपल माही विज और जय भानुशाली- इस साल अपनी 16 साल पुरानी शादी खत्म करने के बाद अलग हो गए. लेकिन तलाक के बाद भी दोनों के रिश्ते में कड़वाहट नहीं आई. इसकी बड़ी वजह उनकी बेटी तारा और उनका बॉन्ड है.
माही विज जल्द ही शो 'तुम हो ना- घर की सुपरस्टार' में नजर आने वाली हैं. शो के दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ और जय भानुशाली के साथ मौजूदा रिश्ते पर खुलकर बात की. माही ने कहा कि आज भी जय उनकी जिंदगी का बेहद अहम हिस्सा हैं. 'जय अभी भी मेरे बेस्ट फ्रेंड हैं और मेरी फैमिली हैं'
माही ने बताया कि अलग होने के बावजूद दोनों परिवारों के बीच रिश्ता पहले जैसा ही बना हुआ है. उन्होंने कहा- मेरे पापा आज भी जय के घर जाते हैं, उनके साथ चाय पीते हैं. जय भी हमारे घर आता है. हमारे बीच बहुत अच्छा रिश्ता है और मुझे खुशी है कि किसी के मन में कोई कड़वाहट नहीं है.
माही ने साफ कहा कि तलाक के बाद भी वो और जय एक-दूसरे के लिए हमेशा मौजूद रहते हैं. एक्ट्रेस ने कहा- हम आज भी एक परिवार की तरह जुड़े हुए हैं. जब जिंदगी में मुश्किल समय चल रहा था, तब जय ने मेरा साथ नहीं छोड़ा.
माही ने उस मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि उस समय उन्हें किसी सलाह या सवाल की जरूरत नहीं थी. उन्होंने कहा- ऐसे वक्त में बस लगता है कि कोई सवाल मत पूछो. बस कोई चुपचाप आपके पास बैठ जाए. जय ने बिल्कुल वही किया.
माही के मुताबिक जय ने कभी उन्हें जज नहीं किया. उन्होंने कहा- उन्होंने कभी नहीं पूछा कि तुम ये क्यों कर रही हो? या ये गलत है. वो बस चुपचाप मेरे साथ बैठे रहे. यही बात उनके रिश्ते को आज भी खास बनाती है.
माही ने अपने पिता के सपोर्ट को भी याद किया. उन्होंने बताया कि जब उनकी शादी मुश्किल दौर से गुजर रही थी, तब उनके पिता ने कभी कोई सवाल नहीं किया. उन्होंने बस इतना जताया कि वो मेरे साथ हैं, चाहे मैं कोई भी फैसला लूं.
माही ने समाज की सोच पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि अक्सर महिलाओं से उम्मीद की जाती है कि वो हर हाल में रिश्ता बचाएं. अगर कोई महिला अपने मायके लौट आती है तो लोग उसे सवालों के घेरे में खड़ा कर देते हैं. लेकिन उनके पिता ने ऐसा कभी नहीं किया.
माही और जय ने साल 2010 में शादी की थी. दोनों टीवी इंडस्ट्री के सबसे प्यारे कपल्स में गिने जाते थे. बाद में उन्होंने दो बच्चों, राजवीर और खुशी, की फोस्टर पैरेंट्स के रूप में जिम्मेदारी संभाली. साल 2019 में दोनों ने IVF के जरिए अपनी बेटी तारा पेरेंट्स बने.
इस साल जनवरी में माही और जय ने सोशल मीडिया पर अपने अलग होने का ऐलान किया था. 16 साल साथ रहने के बाद दोनों ने कहा था कि भले ही उनका रिश्ता पति-पत्नी के रूप में खत्म हो गया हो, लेकिन वो अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे.