महाराष्ट्र के ठाणे जिले से रोड रेज का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां मामूली सड़क हादसे के बाद तीन युवकों ने कथित तौर पर एक टेंपो ड्राइवर की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एजेंसी के अनुसार, घटना 22 मई को शिल-डायघर पुलिस थाना क्षेत्र के धावले गांव में एक स्कूल के पास हुई थी. मृतक की पहचान 38 वर्षीय केतन धामनस्कर के रूप में हुई है, जो टेंपो चलाता था. पुलिस का कहना है कि केतन का टेंपो कथित तौर पर 21 वर्षीय जितेश तुकाराम तावरे के स्कूटर से हल्का सा टकरा गया था.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. बाद में जितेश अपने भाई और एक साथी के साथ केतन के घर पहुंचा और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: जौनपुर हत्याकांड में दूल्हे की बहन बोली- सभी आरोपियों का हो फुल एनकाउंटर, जाति का मुद्दा ना बने
मृतक की पत्नी की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने केतन को बार-बार लात मारी. इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें आईं. परिवार का आरोप है कि पिटाई इतनी बुरी थी कि बाद में केतन की मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने गुरुवार तड़के कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय जितेश तावरे, उसके भाई और उनके साथी 24 वर्षीय धीरज दगडू म्हात्रे के रूप में हुई है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि टेम्पो स्कूटर से टकरा गया था. इसी पर विवाद हुआ. फिर उसी दिन जितेश और दो अन्य लोग केतन के घर गए और उसे लातों से मारा, इस दौरान केतन को गंभीर चोट पहुंची, जिससे उसकी जान चली गई. पुलिस ने कहा कि हत्या के इस मामले की जांच जारी है.