scorecardresearch
 

नई कार लेने गए थे, सोचा पहले चलाकर देखते हैं... कई वाहनों को टक्कर मारकर गड्ढे में जा गिरे

महाराष्ट्र के ठाणे में टेस्ट ड्राइव के दौरान कार बेकाबू हो गई और उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए. कार ने सड़क किनारे खड़े ऑटो-रिक्शा और दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी. इसके बाद करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. घायल हुए तीनों लोगों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया.

Advertisement
X
टेस्ट ड्राइव के दौरान बेकाबू हुई कार. (Photo: Representational)
टेस्ट ड्राइव के दौरान बेकाबू हुई कार. (Photo: Representational)

नई कार खरीदने का उत्साह अक्सर लोगों के चेहरे पर साफ दिखाई देता है. कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले लोग कार की टेस्ट ड्राइव जरूर लेते हैं, ताकि उसकी रफ्तार, ब्रेक और कंट्रोल को महसूस कर सकें. महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक टेस्ट ड्राइव अचानक ऐसे हादसे में बदल गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए.

एजेंसी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे का वक्त था. ठाणे के नौपाड़ा इलाके के पचपाखाड़ी क्षेत्र में सड़क पर रोज की तरह हलचल थी. आसपास होटल और दुकानें होने की वजह से लोगों की आवाजाही भी बनी हुई थी. इसी दौरान एक नई कार की टेस्ट ड्राइव चल रही थी.

कार में तीन लोग सवार थे. इनमें एक व्यक्ति उस ऑटोमोबाइल शोरूम का कर्मचारी भी था, जहां से कार को टेस्ट ड्राइव के लिए लिया गया था. सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में हालात पूरी तरह बदल गए.

अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया. देखते ही देखते गाड़ी बेकाबू हो गई. इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता या ब्रेक लगा पाता, कार सीधे सड़क किनारे खड़े एक ऑटो-रिक्शा से जा टकराई.

यह भी पढ़ें: यूपी के मंत्री संजय निषाद की गाड़ी को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान

Advertisement

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो-रिक्शा झटके से हिल गया. बेकाबू कार आगे बढ़ती रही और सड़क किनारे खड़े दो दोपहिया वाहनों को भी जोरदार टक्कर मार दी.

आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कार सीधे पास में चल रहे एक निर्माण कार्य के गड्ढे की ओर बढ़ गई. वहां एक इमारत के निर्माण के लिए करीब 20 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. पलक झपकते ही कार उस गहरे गड्ढे में जा गिरी.

जैसे ही कार नीचे गिरी, आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े. गड्ढा काफी गहरा था और कार बुरी तरह उसमें फंस गई थी. अंदर बैठे तीनों लोग गाड़ी में ही फंस गए थे. हादसे के बाद कार के एयरबैग तुरंत खुल गए, जिससे अंदर बैठे लोगों को गंभीर चोट नहीं आई.

स्थानीय लोगों ने तुरंत शुरू किया राहत कार्य

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया. कुछ लोग गड्ढे में उतर गए और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला. तीनों को चोटें आई थीं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई.

इस बीच हादसे की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग और अन्य आपातकालीन टीमें भी मौके पर पहुंच गईं. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है.

Advertisement

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला. कुछ ही सेकंड में कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी और फिर गड्ढे में गिर गई. अधिकारियों का कहना है कि अगर कार में एयरबैग नहीं खुलते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement