scorecardresearch
 

लोगों से कहता था- शरीर में दैवीय शक्ति उतरती है... नांदेड़ में पकड़े गए 'तलवार बाबा' की कहानी

हाथ में तलवार... सामने डरे हुए लोग... और 'चमत्कार' के नाम पर खेला जा रहा डर का खतरनाक खेल. चार साल से चल रहे इस नकली दरबार का आखिरकार पर्दा उठ गया, जब पुलिस ने अचानक छापा मारा. ये कहानी महाराष्ट्र के नांदेड़ की है, जहां 'तलवार बाबा' की पूरी हकीकत सामने आ गई.

Advertisement
X
शरीर में दैवीय शक्ति आने का दावा करता था आरोपी. (Photo: Screengrab)
शरीर में दैवीय शक्ति आने का दावा करता था आरोपी. (Photo: Screengrab)

अंधविश्वास के नाम पर ठगी और शोषण की ये कहानी महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के बिलोली तहसील स्थित बडूर गांव की है. यहां पुलिस ने एक नेटवर्क का खुलासा किया है. यहां खुद को 'तलवार बाबा' बताने वाले ज्ञानेश्वर करडे के खिलाफ पुलिस ने एक्शन लेते हुए उसके तथाकथित 'दरबार' पर छापा मारा.

पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले करीब चार साल से एक दरबार लगाकर लोगों को झांसे में ले रहा था. वह दावा करता था कि उसके शरीर में दैवीय शक्ति आती है और वह बीमारियों का इलाज, पारिवारिक समस्याओं का समाधान और बुरी शक्तियों से मुक्ति दिला सकता है. इस दौरान वह हाथ में तलवार लेकर लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों को डराता था, जिससे उनके मन में भय पैदा होता था.

आरोपी नींबू और अन्य टोटकों के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाता था और बदले में उनसे पैसे और कीमती सामान ऐंठता था. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर श्याम पानेगांवकर और पुलिस इंस्पेक्टर अतुल भोसले के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की.

sword wielding baba exposed nanded police raid superstition racket

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अंधविश्वास से जुड़ी कई चीजें जब्त कीं. इस दौरान आरोपी के कुछ समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की और बहस भी की. पुलिस ने शिवकांत मेलारे और नबाजी वाघेकर सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी सरकारी काम में बाधा डालने और महाराष्ट्र जादूटोना विरोधी कानून के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: खुद को महादेव का अवतार बताकर किया महिला से रेप! फिर सामने आया एक ढोंगी बाबा का काला सच

हाल के दिनों में महाराष्ट्र में भोंदू बाबाओं के कई मामले सामने आए हैं, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है. तलवार बाबा की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अनीस) ने पुलिस एक्शन की सराहना की है. समिति के सदस्य कमलाकर जामदाड़े ने कहा कि ऐसे ढोंगी बाबाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, जो लोगों में डर फैलाकर उनका आर्थिक और मानसिक शोषण करते हैं.

पुलिस इंस्पेक्टर अतुल भोसले ने कहा कि अगर आपको लगे कि आपके साथ धोखा हो रहा है, तो तुरंत पुलिस से संपर्क करें. अंधविश्वास समाज में एक कीड़ा है, इसे मिलकर खत्म करने के लिए पुलिस को रिपोर्ट करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement