महाराष्ट्र के पुणे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पिंपले गुरव इलाके में सड़क किनारे कचरे में फेंके गए एक बोरे के अंदर पुरुष के दोनों पैर मिलने से हड़कंप मच गया. दोनों पैर घुटनों के नीचे से काटकर अलग किए गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कृष्णा लोट और ओमकार काले इलाके में कचरा इकट्ठा करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक बोरे पर गई. बोरे पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे. यह देखकर दोनों को शक हुआ. शुरुआत में उन्हें लगा कि इसके अंदर किसी कुत्ते के पैर हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: पुणे में पुलिस कमिश्नर के बंगले के गेट से भिड़ाई कार, नशे में धुत कांस्टेबल गिरफ्तार
जब दोनों ने बोरा खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए. उसमें किसी जानवर के नहीं, बल्कि इंसान के दोनों पैर थे. ये पैर घुटनों के नीचे से काटकर शरीर से अलग किए गए थे. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
हत्या कर शव के टुकड़े फेंकने की आशंका, कई सवाल
सूचना मिलते ही सांगवी पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी. इसके अलावा संबंधित जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ये पैर किस व्यक्ति के हैं और उसके शरीर के बाकी हिस्से कहां हैं.
क्या किसी व्यक्ति की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े किए गए? घुटनों के नीचे से पैर काटकर बोरे में किसने भरा और सड़क किनारे कचरे में क्यों फेंका? क्या आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से ऐसा किया? फिलहाल इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
पुलिस अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप आटोले, सहायक पुलिस आयुक्त मनीषा कदम और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कोली भी घटनास्थल पर पहुंचे. क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच में लगाया गया है.
इसके अलावा सुराग तलाशने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. फिलहाल मिले मानव अंगों की पहचान करने और इस पूरे घटनाक्रम की गुत्थी सुलझाने में पुलिस जुटी हुई है. मामले में हत्या या किसी अन्य वजह की आशंका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.