पुणे के लोहगढ़ किले में 26 साल के केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में हुई गिरफ्तारियों के बाद मृतक के परिवार का दर्द खुलकर सामने आया है. केतन के माता-पिता ने इस घटना पर गहरा शोक और नाराजगी जताई है. केतन के पिता का आरोप है कि उनके बेटे की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का परिणाम है, जिसमें उसकी मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी की कथित भूमिका सामने आई है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा,'अगर सिया इस शादी के लिए तैयार नहीं थी, तो वह साफ मना कर सकती थी. मेरे बेटे की जान लेने की क्या जरूरत थी?'
पहली कोशिश में कुछ तो भांप गया था केतन
केतन के पिता विशाल अग्रवाल का दावा है कि उनके बेटे की हत्या का प्रयास पहली बार 14 जून को किया गया था. उनके अनुसार, उस दिन भी सिया और केतन लोहगढ़ किले पर गए थे, जहां दोनों अकेले मौजूद थे. आरोप है कि इसी दौरान सिया ने केतन को पीछे की ओर धक्का दे दिया. धक्का लगने के बाद केतन खाई की ओर फिसलने लगा, लेकिन उसका हाथ रास्ते में मौजूद झाड़ियों में फंस गया, जिससे उसकी जान बच गई. परिवार का कहना है कि उस घटना के बाद केतन को यह आभास हो गया था कि उसे जानबूझकर धक्का दिया गया है. हालांकि, स्थिति को सामान्य दिखाने के लिए सिया ने तुरंत “सांप, सांप” चिल्लाना शुरू कर दिया और केतन को पकड़कर यह जताने की कोशिश की कि उसने उसे बचाने के प्रयास में धक्का दिया था. परिजनों का आरोप है कि 14 जून को ही केतन की हत्या की पहली कोशिश की गई थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी.
'प्रिंसेस ट्रीटमेंट का सिला मर्डर'
मामले में तमाम पहलुओं और जांच के बीच कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जो दिखाते हैं कि केतन उस सिया से कितनी मोहब्बत करता था जो काफी समय से उसके मर्डर की तैयारी कर रही थी. एक वीडियो में दिखता है कि केतन , सिया के लिए प्री बर्थ डे सेलिब्रेट कर रहा है. वह उसे एक लग्जरी कार में पिक करता है. बड़े प्यार से उसके हाथों में फूल देता है और धीरे का कार का सनरूफ खोलता है जिसके शीशे पर मानो गुलाब की चादर बिछी है. सिया भी ये देखकर उसे गले लगा लेती है.इसके बाद केतन उसे डेट पर ले जाता है जहां दोनों लाइव म्यूजिक पर डांस करते हैं. किसी भी लड़के लिए ये सब कुछ किसी परियों की कहानी से कम नहीं. लेकिन सिया ने इस प्रिंसेस ट्रीटमेंट का सिला ऐसा दिया कि केतन की जान ही ले ली.
जन्मदिन को और भी स्पेशल बनाना चाहता था केतन
ये सब तो प्री बर्थडे सेलिब्रेशन था लेकिन केतन, 19 जून को होने वाले सिया के जन्मदिन को और भी स्पेशल बनाना चाहता था. इसके लिए वह उसे दोस्तों के साथ लोहागढ़ किला ले गया था जहां उसने सिया को खुश करने के लिए ढेरों तैयारियां कर रखी थीं. लेकिन यहां तो सिया ने अलग ही जाल बिछा रखा था.सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया और उसकी मौत को हादसा बता दिया.
बता दें कि सिया और केतन की शादी अगले महीने जयपुर में होनी थी. शादी को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल था और तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. परिवार के लोगों के मुताबिक, समारोह के आयोजन के लिए जयपुर के एक आलीशान पैलेस की बुकिंग की गई थी. वहीं, मेहमानों के आने-जाने की व्यवस्था के लिए दो चार्टर्ड विमान भी तय किए गए थे. हालांकि, शादी की खुशियों के बीच केतन की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. इस घटना के बाद परिजन, रिश्तेदार और करीबी दोस्त शोक में डूब गए हैं. जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की तैयारियों और जश्न का माहौल था, वहां अब दुख और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है.