scorecardresearch
 

हाथ बांधे, जमकर पीटा... बच्चा चोर समझ जिस युवक की कर दी पिटाई वो निकला मानसिक रूप से बीमार

महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में बच्चा चोरी के शक में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर उसके हाथ बांध दिए और उसकी पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बाद में तुलिंज पुलिस की जांच में पता चला कि युवक किसी बच्चा चोरी गिरोह का सदस्य नहीं, बल्कि मानसिक रूप से बीमार है.

Advertisement
X
पालघर में युवक की बेरहमी से पिटाई. (Photo: Screengrabs)
पालघर में युवक की बेरहमी से पिटाई. (Photo: Screengrabs)

महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित नगीनदास पाड़ा इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते एक युवक को भीड़ का शिकार होना पड़ा. स्थानीय लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया, उसके हाथ बांध दिए और जमकर मारपीट की. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

जानकारी के अनुसार इलाके में मौजूद कुछ लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसी आधार पर उन्होंने उस पर बच्चा चोरी करने का शक जताया और बिना सच्चाई की पुष्टि किए उसे पकड़ लिया. लोगों ने युवक के हाथ बांध दिए और उसके साथ मारपीट की. बाद में उसे तुलिंज पुलिस के हवाले कर दिया गया.

पुलिस ने लोगों से की ये अपील
तुलिंज पुलिस ने युवक से पूछताछ की और उसकी पहचान की पुष्टि की. जांच में सामने आया कि युवक का किसी बच्चा चोरी गिरोह से कोई संबंध नहीं है. पुलिस के मुताबिक वह मानसिक रूप से बीमार है और भटकते हुए उस इलाके में पहुंच गया था. इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सौंप दिया.

घटना के बाद तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव ने लोगों से अफवाहों पर भरोसा न करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट जानकारी के आधार पर किसी को अपराधी मान लेना और कानून अपने हाथ में लेना गलत है. यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध दिखाई दे तो उसकी पिटाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें. पुलिस ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी अफवाह पर प्रतिक्रिया देने से पहले तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement