महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला, ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल को मारती हुई दिखाई दे रही है. वीडियो के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है. महिला पर आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल से मारपीट की.
मामले पर डीसीपी एस चैतन्या ने कहा कि बिना हेलमेट के बाइक चलाते एक व्यक्ति को पकड़ा गया था. ट्रैफिक पुलिस से बहस की गई और आरोपी के साथ जो महिला थी उसने कॉन्स्टेबल पर हमला कर दिया. डीसीपी ने कहा कि अगर महिला के साथ दुर्व्यवहार किया गया तो वह हमारे वरिष्ठों से शिकायत कर सकती थी. हम एक अनुशासित फोर्स हैं और हर चीज की एक प्रक्रिया होती है.
डीसीपी ने कड़े शब्दों में कहा कि हम इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेंगे. कोरोना महामारी के दौरान पुलिसकर्मी बहुत मेहनत कर रहे हैं.
Assault on Mumbai police traffic police constable discharging his duty. Kalbadevi, Mumbai.
— Mustafa Shaikh (@mustafashk)
घटना शुक्रवार शुक्रवार दोपहर कलाबादेवी के कॉटन एक्सचेंज नाका के पास की है. यहां ट्रैफिक पुलिस कॉन्स्टेबल एकनाथ पार्थ ने बाइक सवार को रोका था. महिला बिना हेलमेट के बाइक चला रही थी. उसके साथ उसका एक साथी भी था. ट्रैफिक कॉन्स्टेबल ने हेलमेट न पहनने को लेकर चालान कर दिया. इसी दौरान बहस शुरू हो गई. महिला ने कॉन्स्टेबल की वर्दी पकड़ ली. उन्हें मारने लगी और महिला का साथी, वीडियो बनाने लगा. महिला का आरोप है कि कॉन्स्टेबल ने उसे गाली दी.
देखें: आजतक LIVE TV
ट्रैफिक अधिकारी ने बताया कि इनके खिलाफ IPC की धारा 353 (लोक सेवक पर हमला करने) समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, कॉन्स्टेबल ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया था. बल्कि दोनों आरोपियों से तमीज से बात की थी.