मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम डिपार्टमेंट ने ड्रग्स की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है. महिला बैंकॉक से मुंबई पहुंची थी और उसके सामान से करोड़ों रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक वीड (हाई क्वालिटी वाला गांजा) बरामद की गई.
कस्टम अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से आने वाली फ्लाइट के यात्रियों की नियमित जांच के दौरान 28 साल की महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं. इसके बाद अधिकारियों ने उसके ट्रॉली बैग की गहन तलाशी ली. जांच के दौरान बैग से 12 वैक्यूम सील्ड ट्रांसपेरेंट प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए.
अधिकारियों ने बताया कि इन पैकेटों में कुल 11.824 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड छिपाकर रखी गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ 82 लाख रुपये आंकी गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला एक निजी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थी.
कस्टम विभाग ने बरामद गांजे को जब्त कर लिया है और महिला के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि महिला किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ी हुई थी या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रतिबंधित मादक पदार्थ की खेप भारत में किसे पहुंचाई जानी थी. कस्टम विभाग का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी.