महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जलगांव रूरल MLA कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान एक युवक ट्रैक्टर लेकर मैदान में घुस आया और पिच को खोदकर चला गया. इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया और मैच को तुरंत रोकना पड़ा.
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि क्रिकेट मैच चल रहा है, तभी अचानक एक युवक ट्रैक्टर लेकर मैदान में घुस आता है. वह सीधे पिच की तरफ बढ़ता है और विकेट को तोड़ते हुए पूरी पिच को खोद देता है. इस दौरान मैदान में मौजूद खिलाड़ी और दर्शक हैरान रह जाते हैं और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है. ट्रैक्टर चालक बिना किसी डर के पूरे मैदान को नुकसान पहुंचाकर आराम से वहां से निकल जाता है. इस घटना से खिलाड़ियों और आयोजकों में नाराजगी देखी गई.
ट्रैक्टर लेकर मैदान में घुसा युवक
बताया जा रहा है कि स्थानीय प्रतिष्ठित व्यक्ति को कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी के चलते उसके समर्थक ने इस तरह की तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया. ट्रैक्टर के मैदान में घुसने से पिच पूरी तरह से खराब हो गई, जिसके कारण मैच को जारी रखना संभव नहीं था.
पिच खराब होने के बाद अधिकारियों ने मैच किया रद्द
हालात को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत मैच को रद्द करने का फैसला लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. हालांकि, इस मामले में अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्से का माहौल है.