महाराष्ट्र के नागपुर में एक मामूली मजाक उस समय हिंसक घटना में बदल गया, जब गुलाब जामुन मांगने की बात पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया. घटना शांतिनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी आयुष चेतनानंद मेश्राम, बादल शेंडे और अक्षय नागपुरे कैटरिंग का काम करते हैं. बताया जा रहा है कि 9 मई की रात बादल और अक्षय काम खत्म कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनका परिचित मोहम्मद अख्तर रजा मिला.
बताया गया कि बातचीत के दौरान अख्तर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "अगर गुलाब जामुन लाए हो तो दो खिला दो." आरोप है कि इस बात पर दोनों नाराज हो गए और कहासुनी शुरू हो गई. पहले गाली-गलौज हुई और कुछ समय बाद दोनों आरोपी अपने एक अन्य साथी आयुष मेश्राम के साथ वापस लौटे.
इसके बाद विवाद और बढ़ गया. आरोप है कि तीनों ने अख्तर से पूछा - बोल क्या कह रहा था तू. जब उसने फिर गुलाब जामुन वाली बात दोहराई तो मामला अचानक हिंसक हो गया. आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर युवक को घायल कर दिया.
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल शांतिनगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.