महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और यूनियनों के बीच हुई बैठक के बाद बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म कर दी गई. एक एजेंसी के मुताबिक इस हड़ताल की वजह से पिछले तीन दिनों से मुंबई में बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित थीं, जिससे यात्रियों को रोज़ाना आने-जाने के लिए लोकल ट्रेनों, मेट्रो सेवाओं, टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा पर निर्भर रहना पड़ा.
बैठक में लिया गया ये फैसला
रविवार को सह्याद्रि गेस्ट हाउस में हुई बैठक में महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक, विधायक सचिन अहीर और मुर्जी पटेल, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की कमिश्नर अश्विनी भिड़े, BEST की जनरल मैनेजर सोनिया सेठी और यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए. शिंदे ने घोषणा की कि समझौते के तहत BEST कर्मचारियों को हर महीने 3,000 रुपये की अंतरिम वेतन वृद्धि मिलेगी, जबकि वेट लीज़ ऑपरेटरों के कर्मचारियों को तब तक 2000 रुपये प्रति माह मिलेंगे जब तक कि वेतन को लेकर नया समझौता नहीं हो जाता.
उन्होंने BEST प्रशासन को चालू वित्त वर्ष के भीतर कर्मचारियों के बकाया ग्रेच्युटी का भुगतान करने और हड़ताल खत्म होने के तुरंत बाद बस सेवाएं फिर से शुरू करने का निर्देश भी दिया. उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अगले तीन वर्षों में 5000 इलेक्ट्रिक बसें खरीदकर और चरणबद्ध तरीके से ज़रूरी वित्तीय प्रावधान करके सार्वजनिक परिवहन सेवा को मज़बूत करेगी. साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि BEST प्रशासन की प्रस्तावित रिवाइवल योजना जल्द ही राज्य सरकार को सौंपी जाएगी और मंज़ूरी के लिए कैबिनेट के सामने रखी जाएगी.
BEST को मुंबई की जीवन रेखा बताते हुए शिंदे ने कहा कि इस सेवा को मज़बूत करना ज़रूरी है. सरकार सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों की चिंताओं को दूर करने के लिए भी प्रतिबद्ध है. शिवसेना (UBT) नेता सचिन अहीर, जो BEST कर्मचारी यूनियनों की संयुक्त कार्य समिति के समन्वयक भी हैं, ने कहा कि बसें जल्द ही शहर की सड़कों पर लौटेंगी.
इससे पहले दिन में BEST ने एक बयान में कहा कि उसने नेशनल एलिजिबिलिटी-कम-एंट्रेंस टेस्ट (NEET) की दोबारा परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए विशेष सेवाओं का इंतज़ाम किया है. सुचारू परिवहन को सुनिश्चित करने के लिए दिन भर में लगभग 180 बस ट्रिप चलाई जाएंगी.
25 लाख यात्री रोजाना करते हैं सफर
अधिकारियों ने बताया कि शहर भर के 63 परीक्षा केंद्रों तक उनकी यात्रा को आसान बनाने के लिए दो दर्जन से ज़्यादा रूटों पर लगभग 100 बसें तैनात की गईं. आपको बता दें कि BEST संयुक्त कामगार कृति समिति की बुलाई गई हड़ताल ने शुक्रवार से ही नगर निगम की बस सेवा को लगभग ठप कर दिया था.
इस हड़ताल में BEST के स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ वेट-लीज ऑपरेटरों के ज़्यादातर कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया था. शनिवार को आंदोलनकारी कर्मचारियों को MESMA (महाराष्ट्र अत्यावश्यक सेवा अनुरक्षण कानून) के तहत नोटिस भेजे गए. BEST 2766 बसों का संचालन करता है और रोज़ाना लगभग 25 लाख यात्रियों को ले जाता है, जिससे यह उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के बाद मुंबई का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक परिवहन प्रदाता बन जाता है.